MENU

वाराणसी: फिट इंडिया अभियान के तहत हर रविवार होगा “हैप्पी संडे” कार्यक्रम



 24/Mar/26

वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा “फिट इंडिया – स्वस्थ वाराणसी” अभियान को गति देने के लिए एक नई पहल शुरू की जा रही है। इस संबंध में मंगलवार (24 मार्च 2026) को प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पूर्ण बोरा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें साप्ताहिक “हैप्पी संडे” कार्यक्रम के संचालन पर चर्चा की गई।

बैठक में उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बदलती जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के कारण लोगों में घटती शारीरिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम को नियमित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य आमजन, विशेषकर बच्चों और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

निर्णय के अनुसार, अप्रैल 2026 से प्रत्येक रविवार को राजकीय अलंकृत उद्यान, कंपनीबाग में सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक “हैप्पी संडे” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान योग, साइकिलिंग, रनिंग, एरोबिक वार्मअप, स्किपिंग (रस्सी कूद), मिट्टी से खेलने जैसी गतिविधियों के साथ-साथ विभिन्न पारंपरिक खेलों और फिटनेस एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा।

उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम को आकर्षक, सुरक्षित और जनभागीदारी आधारित बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से शहर में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण बनेगा और “फिट इंडिया – स्वस्थ वाराणसी” अभियान को मजबूती मिलेगी।

बैठक में काशी योग एवं मूल शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष, हेल्दी इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष, जिला वन अधिकारी, अपर नगर आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7835


सबरंग