MENU

वाराणसी के लहरतारा में सिलेंडर ब्लास्ट से मकान गिरा, भाई-बहन की मौके पर मौत



 24/Mar/26

सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ हादसा, दो गंभीर घायल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

वाराणसी के लहरतारा क्षेत्र में मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे सिलेंडर ब्लास्ट से एक मकान ढह गया। हादसे में घर के चार लोग मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों और राहत टीम की मदद से सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन भाई-बहन ओम कुमार चौधरी (30) और प्रीति चौधरी (27) की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में अमन चौधरी (31) और 60 वर्षीय गिरजा देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर एडीएम सिटी आलोक वर्मा, डीसीपी गोमती जॉन आकाश पटेल, एडीसीपी नीतू कादयान, सीएफओ आनंद सिंह राजपूत और एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों की मौजूदगी में राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चलाया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए स्थानीय नागरिकों ने भी बचाव कार्य में मदद की।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। साथ ही, घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6554


सबरंग