MENU

शत-प्रतिशत रहा स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल बनपुरवां का वार्षिक परीक्षाफल



 23/Mar/26

सपने साकार करने के लिए नियमित अध्ययन जरूरी : प्रकाशध्यानानन्द

वाराणसी। स्वामी हरसेवानन्द पब्लिक स्कूल बनपुरवां का वार्षिक परीक्षाफल विद्यालय समूह के प्रबंधक/सचिव बाबा प्रकाशध्यानानन्द के मुख्यातिथ्य में घोषित किया गया। सफल विद्यार्थियों के होठों पर वर्ष भर की मेहनत व परीक्षा के तैयारी की चर्चा थमने का नाम नहीं ले रही थी। क्योंकि उन्हे आज वर्ष भर की मेहनत का अच्छा फल मिला था।

श्रेष्ठता सूची में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों के अभिभावक गदगद् होकर विद्यालय प्रबंधन व शिक्षकों की सराहना करते नजर आये। वहीं कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावक पहले से बेहतर परिणाम से संतुष्ट होकर लौटे।

मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के सचिव एवं प्रबंधक बाबा प्रकाशध्यानानन्द ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त विद्यार्थी, प्री नर्सरी के दक्ष सिंह, एलकेजी के प्रिशा यादव, यूकेजी के वेदांश कुमार, कक्षा 1 से कक्षा 9 तक क्रमशः आरव कुमार, सार्थक सोनी, आर्यन कुमार, आरूषी पटेल, आयुष सोनी, हर्षित वर्मा, अंश सिंह, दिव्या राज, माधव कुमार तथा कक्षा ग्यारह (विज्ञान संवर्ग) की शिवांगी जायसवाल, (वाणिज्य संवर्ग) की श्रद्धा सिंह को उत्कृष्टता प्रमाण-पत्र के साथ स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। ठीक इसी प्रकार उक्त कक्षाओं में द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को प्रमाण-पत्र के साथ स्मृति चिह्न देकर, अन्य बच्चों को श्रेष्ठता हासिल करने की प्रेरणा के साथ ही यशस्वी एवं विद्वान व विदुषी होने का आशीष देते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि निरन्तर प्रयास, अनुशासन और कड़े संघर्ष से मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

 

प्रधानाचार्य डॉ ए.के. चौबे ने कहा कि निरन्तर परिश्रम और आत्मविश्वास का कोई विकल्प नहीं है। व्यक्तित्व के विकास में ईमानदारी, सङ्घरित्रता शीर्ष भूमिका निभाती है। अतः विद्यार्थियों को निरन्तर प्रयत्नशील रहना चाहिए। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका नम्रता सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त विद्यार्थी व अभिभावक सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2203


सबरंग