वाराणसी, प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने भाजपा सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर काशी सहित प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने इस अवधि में विकास, सुशासन और सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि बीते नौ वर्षों में प्रदेश ने अपनी पुरानी ‘बीमारू राज्य’ की छवि को पीछे छोड़ते हुए देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। सुदृढ़ कानून-व्यवस्था के चलते निवेश का माहौल बेहतर हुआ है, जिससे देश-विदेश के बड़े उद्योगों का आगमन हुआ और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।
मंत्री ने बताया कि बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे, मेट्रो रेल और एयरपोर्ट जैसी परियोजनाओं ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिली है।
किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं से उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं, वहीं गरीबों को आवास, शौचालय, बिजली और राशन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कई प्रभावी पहल की गई हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में भी निरंतर सुधार हुआ है, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने कहा कि यह नौ वर्षों की यात्रा केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के हर वर्ग के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी है।
अंत में उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में सहभागी बनें और एक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।