एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वाराणसी में विश्व ओरल हेल्थ डे के अवसर पर चेयरमैन प्रो डॉ एसके सिंह की संरक्षता में निःशुल्क ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को दांतों और मसूड़ों की समय पर देखभाल के प्रति सचेत करना था, ताकि छोटी समस्याएं गंभीर रूप न ले सकें। कैंप के दौरान कुल 118 मरीजों एवं उनके परिचारकों, एपेक्स के फिजियो एवं पैरामेडिकाल शिक्षण संस्थानों की फैकल्टी, छात्रों एवं हॉस्पिटल के स्टाफ का निःशुल्क परीक्षण किया गया। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रान्या गर्ग ने उपस्थित लोगों को मौखिक स्वच्छता, दांतों की नियमित जांच, सही ब्रशिंग तकनीक तथा खान-पान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने बताया कि दांतों की अनदेखी करने से कैविटी, मसूड़ों की बीमारी और कैंसर जैसी अन्य जटिल समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। इस अवसर पर हॉस्पिटल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने के लिए अत्यंत आवश्यक हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।