वाराणसी: संकट मोचन फाउंडेशन के तत्वावधान में विश्व जल दिवस 22 मार्च को पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी ‘रन फॉर क्लीन गंगा मैराथन 2026’ का आयोजन किया जाएगा। गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के प्रति जनजागरण के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में हजारों महिला-पुरुष प्रतिभागी शामिल होकर स्वच्छ गंगा का संदेश देंगे।
इसकी जानकारी शुक्रवार को तुलसीघाट पर आयोजित पत्रकारवार्ता में फाउंडेशन के अध्यक्ष महंत प्रो. विश्वम्भरनाथ मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष मैराथन दो श्रेणियों में आयोजित होगी। पहली दौड़ 10.55 किलोमीटर की होगी, जिसमें प्रतिभागी नमो घाट से दौड़ शुरू करेंगे। यह मार्ग विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, चौक, गोदौलिया, मदनपुरा, शिवाला, रवीन्द्रपुरी, लंका, मालवीय प्रतिमा, रविदास गेट, असि चौराहा होते हुए तुलसीघाट पर समाप्त होगा।
दूसरी श्रेणी 7 किलोमीटर की होगी, जिसकी शुरुआत पहली दौड़ के दो मिनट बाद नमो घाट से ही होगी। इस श्रेणी के प्रतिभागी विश्वेश्वरगंज, मैदागिन, चौक, गोदौलिया, मदनपुरा, शिवाला, भदैनी होते हुए तुलसीघाट पहुंचेंगे।
मैराथन के विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार भी घोषित किए गए हैं। 10.55 किमी दौड़ में प्रथम विजेता को 21 हजार रुपये, द्वितीय को 16 हजार रुपये और तृतीय को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। वहीं 7 किमी दौड़ में प्रथम विजेता को 15 हजार रुपये, द्वितीय को 10 हजार रुपये और तृतीय को 7 हजार रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा।
आयोजकों ने बताया कि मैराथन के प्रायोजक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और स्टाइडर्स फाउंडेशन हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पंजीकरण जारी है। 7 किमी मैराथन के लिए 118 रुपये और 10.55 किमी मैराथन के लिए 295 रुपये पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
नमो घाट पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक आशीष पांडेय प्रातः 6 बजे उपस्थित रहेंगे। मैराथन समाप्त होने के बाद तुलसीघाट पर पुरस्कार वितरण और सभा का आयोजन किया जाएगा।
टैगलाइन: विश्व जल दिवस पर गंगा स्वच्छता का संदेश देने के लिए 22 मार्च को वाराणसी में ‘रन फॉर क्लीन गंगा मैराथन 2026’ का आयोजन होगा।