MENU

नव संवत्सर 2083 पर वाराणसी में भव्य आयोजन, ‘हिंदू रत्न सम्मान’ से नारी शक्ति का सम्मान



 19/Mar/26

वाराणसी के मैदागिन स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में नव संवत्सर 2083 के अवसर पर त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिंदू युवा वाहिनी द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित, नारी शक्ति को ‘हिंदू रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

धर्म और अध्यात्म की नगरी वाराणसी में विक्रम संवत 2083 के शुभारंभ के अवसर पर भक्ति, परंपरा और सांस्कृतिक विविधता का भव्य संगम देखने को मिला। मैदागिन स्थित गोरखनाथ मंदिर परिसर में त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं हिंदू युवा वाहिनी के नेतृत्व में “नव संवत्सर अभिनंदन एवं हिंदू रत्न सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नव कन्या पूजन के साथ हुआ, जो सोनेश्वर बाबा के निर्देशन में संपन्न हुआ। इसके पश्चात अन्नपूर्णा मठ मंदिर के महंत शंकर पुरी जी महाराज तथा गोरखनाथ मंदिर के महंत योगी रामनाथ जी महाराज ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महेश चंद्र श्रीवास्तव, दीपक मधोक, मनोज मद्धेशिया एवं प्रियंका तिवारी (प्रधानाचार्य, हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज) उपस्थित रहीं।

वैदिक मंत्रोच्चार से आध्यात्मिक वातावरण

स्वस्तिवाचन के दौरान 15 बटुकों और 20 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार कर पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। ममता टंडन की शिष्याओं मांडवी सिंह और श्रुति ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। शिल्पा संगीत महाविद्यालय के कलाकारों आस्था प्रजापति और आंचल मिश्रा ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में निशामिका सेवा ट्रस्ट द्वारा महारानी लक्ष्मीबाई पर आधारित समूह नृत्य, कथक नृत्य तथा सनबीम स्कूल वरुणा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक “हिंदू नववर्ष की महत्ता” को दर्शकों ने सराहा। इसके अतिरिक्त बांग्ला बाउल लोक नृत्य, ठुमरी, चैती गीत, महाभारत आधारित समूह नृत्य और “मसाने की होली” जैसी प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।

हिंदू रत्न सम्मान’ से नारी शक्ति का सम्मान

कार्यक्रम में “हिंदू रत्न सम्मान (नारी शक्ति)” के अंतर्गत डॉ. शालिनी टंडन, नीलू मिश्रा, चेतना तिवारी, वंदना रघुवंशी, जगदीश्वरी चौबे, प्रीति रवि जायसवाल, सोना मौर्य, शिल्पा गांगुली और सीमा चौधरी को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।

योग, शौर्य प्रदर्शन और सांस्कृतिक संदेश

निशामिका सेवा ट्रस्ट द्वारा शिव तांडव और “राम आएंगे” नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जबकि मंचदूतम् संस्था द्वारा योग और समूह गायन प्रस्तुत किया गया। समूह योग एवं शौर्य प्रदर्शन ने दर्शकों में उत्साह का संचार किया। डमरू वादन, शंखनाद और महिषासुर मर्दिनी नृत्य नाटिका ने कार्यक्रम को भक्तिमय वातावरण प्रदान किया।

सामाजिक और सांस्कृतिक संदेश

वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य एवं हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी अंबरीश सिंह भोला ने अपने संबोधन में नव संवत्सर की महत्ता और भारतीय संस्कृति की परंपराओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान “हर घर भगवा ध्वज” 21 दिवसीय सांस्कृतिक जनजागरण अभियान का प्रस्तुतीकरण भी किया गया।

कार्यक्रम में हिंदू युवा वाहिनी के मनीष मिश्रा, अजय सिंह, सन्नी गुप्ता, ओमप्रकाश जायसवाल, अश्वनी गुप्ता, विनय चौरसिया, रुद्र पाण्डेय, नीतीश राय, अभिषेक श्रीवास्तव गोलू, मनीष वर्मा, दिनेश अग्रहरि, सन्नी मौर्या, गप्पू सिंह, विकाश जैन, सोनू बाबा, योगेश सिंह (पिंकू) सहित विभिन्न व्यापार मंडलों और 12 मंडल इकाइयों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह आयोजन नव संवत्सर के स्वागत के साथ भारतीय संस्कृति, सामाजिक एकता और नारी सशक्तिकरण का संदेश देने में सफल रहा।

नव संवत्सर 2083, वाराणसी समाचार, हिंदू रत्न सम्मान, नारी शक्ति सम्मान, गोरखनाथ मंदिर मैदागिन, हिंदू युवा वाहिनी, त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन, काशी सांस्कृतिक कार्यक्रम।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6804


सबरंग