क्लाउन टाइम्स संवाददाता हरिशंकर तिवारी ने ग्राम पंचायत नवही में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार गौतम उर्फ राजू से मुलाकात की। इस दौरान ग्राम पंचायत में हुए कार्यों, बजट, योजनाओं और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नवही एक राजस्व ग्राम है, जिसकी कुल आबादी लगभग 3200 है। ग्राम में कुल 2100 मतदाता हैं, जिनमें 1200 पुरुष और 900 महिला मतदाता शामिल हैं। वर्तमान पंचवर्षीय कार्यकाल में ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए लगभग 33 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। गांव में शिक्षा व्यवस्था के लिए एक प्राथमिक परिषद विद्यालय संचालित है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक करीब 516 लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल चुका है।
ग्राम की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है। हालांकि, यहां की लगभग 80 प्रतिशत आबादी मजदूरी कर अपनी जीविका चलाती है, जिससे आर्थिक स्थिति सामान्य से कमजोर बनी रहती है।
ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि उनके कार्यकाल के दौरान गांव में सड़क, नाली और विद्यालय के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने कार्यभार संभाला था, उस समय गांव की सड़कों की स्थिति काफी खराब थी, जिस पर अब काम किया गया है।
प्रधान ने स्वीकार किया कि बजट की भारी कमी के कारण विकास कार्यों में बाधा आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी ग्राम पंचायत को बाहरी मद से कोई विशेष फंड नहीं मिला है, जिससे योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावित हुआ है।
प्रधान ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 84 पात्र लाभार्थियों की सूची भेजी गई थी, लेकिन अब तक किसी को आवास नहीं मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि गांव में कई विधवा और दिव्यांग लोग हैं, जिन्हें अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका है। प्रधान ने इस समस्या को लेकर विधायक, सांसद और ब्लॉक प्रमुख से भी कई बार संपर्क किया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। प्रधान के अनुसार, ग्राम सभा में जो भी कार्य हो रहा है, वह केवल ग्राम निधि से ही कराया जा रहा है। बजट के अभाव में सभी विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
पंचायत सहायक बालशिखा कुमारी ने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी समय-समय पर ग्रामीणों को दी जाती है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिलाओं को योजनाओं का लाभ दिलाने में प्राथमिकता दी जाती है।
उन्होंने बताया कि जरूरतमंद महिलाओं को वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन और अन्य योजनाओं के लिए बैंक व संबंधित कार्यालयों तक पहुंचाने में सहयोग किया जाता है। साथ ही कुटुंब रजिस्टर नकल सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों का कार्य भी पंचायत स्तर पर किया जाता है।
बालशिखा कुमारी ने जानकारी दी कि नई ग्राम सचिव रेखा सिंह के आने के बाद कार्यालय में व्यवस्थाएं बेहतर हुई हैं और लोगों को आसानी से सेवाएं मिल रही हैं। इसके अलावा, मिनी सचिवालय में प्रत्येक शुक्रवार को बैठक आयोजित की जाती है, जिसमें महीने में लगभग तीन बार ग्राम सचिव द्वारा ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है।