MENU

एपेक्स में स्वस्थ गुर्दे पर जागरूकता सत्र और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन



 13/Mar/26

वाराणसी। विश्व किडनी दिवस के अवसर पर एपेक्स सुपर स्पेशियल्टी हॉस्पिटल के गुर्दा रोग संस्थान में स्वस्थ किडनी विषय पर जागरूकता सत्र और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, मरीजों के परिचारकों और हॉस्पिटल स्टाफ को गुर्दे के स्वास्थ्य, बचाव और उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

अस्पताल में नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट और डायलिसिस यूनिट के साथ एपेक्स के नर्सिंग, पैरामेडिकल और फिजियोथेरेपी शिक्षण संस्थानों की संयुक्त पहल पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह के संरक्षण में किया गया। गुर्दा रोग विशेषज्ञों, प्रधानाचार्यों और फैकल्टी सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलन कर सत्र का शुभारंभ किया।

एपेक्स के वरिष्ठ यूरोलॉजिस्ट एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पीके केशरी ने किडनी हेल्थ पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि नियमित जांच और स्वस्थ जीवनशैली से किडनी से जुड़ी कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। नेफ्रोलॉजिस्ट एवं किडनी ट्रांसप्लांट फिजीशियन डॉ. निवेदिता पंडित ने क्रोनिक किडनी डिजीज, गुर्दे की विफलता और किडनी की कार्यक्षमता की जांच के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की थीम सभी के लिए किडनी स्वास्थ्यको ध्यान में रखते हुए लोगों को खराब गुर्दे के लक्षण, बचाव और सावधानियों के प्रति जागरूक होना जरूरी है।

गुर्दा रोग एवं ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. पुनीत कुमार केएम ने गुर्दे की संरचना और कार्यप्रणाली को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने एपेक्स हॉस्पिटल में उपलब्ध आधुनिक इलाज, किडनी स्टोन के लिए लेजर तकनीक और सुरक्षित लैपरोस्कोपिक सर्जरी के बारे में भी जानकारी दी।

क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. आशीष श्रीवास्तव और डॉ. रवि प्रकाश यादव ने गंभीर किडनी इंजरी और उसके उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। एपेक्स नर्सिंग कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर विनय कुमार ने किडनी रोगियों के उपचार में नर्सिंग प्रबंधन की अहम भूमिका के बारे में बताया।

कार्यक्रम के दौरान डायटीशियन अन्वेशा ने स्वस्थ किडनी के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व पर जानकारी दी। एपेक्स पैरामेडिकल इंस्टिट्यूट की ट्यूटर निकिता मिश्रा ने जागरूकता सत्र का संचालन करते हुए अस्पताल में उपलब्ध 24 घंटे सुरक्षित डायलिसिस सुविधा और आईसीयू में सीआरआरटी सुविधा के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से भी प्रतिभागियों को किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, मरीजों के परिचारकों और अस्पताल के स्टाफ ने भाग लिया।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6652


सबरंग