MENU

महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा का निधन



 13/Mar/26

अचानक हृदय गति रुकने से हुआ देहांत, व्यापार जगत में शोक की लहर

​​​वाराणसी। शहर के सबसे बड़े व्यापार मंडल महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष और व्यापारियों के लोकप्रिय नेता प्रेम मिश्रा का अचानक हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही वाराणसी के व्यापार जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रेम मिश्रा के छोटे भाई त्रिलोकी मिश्रा ने क्लाउन टाइम्स को बताया कि 12 मार्च की भोर में लगभग 4:00 बजे उनकी पत्नी ने सूचना दी कि उनकी तबीयत बिगड़ गई है और वह उठ नहीं रहे हैं। यह सूचना मिलते ही परिवारजन घबरा गए और आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुबह होते ही उनके कबीर चौरा स्थित आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया और व्यापार जगत के अनेक लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
व्यापार जगत ने जताया गहरा शोक
महानगर उद्योग व्यापार समिति के संरक्षक एवं वरिष्ठ उद्योगपति आर.के. चौधरी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मिश्रा जी के निधन से काशी के उद्योग-व्यापार जगत की अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने काशी में उद्योग-व्यापार के हित संवर्धन के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। अपने स्वास्थ्य की परवाह किए बिना वे हमेशा व्यापारियों के हित में खड़े रहे।
महानगर उद्योग व्यापार समिति के महामंत्री अशोक जायसवाल ने कहा कि प्रेम मिश्रा के निधन से व्यापारी समाज को बड़ी क्षति हुई है। सबके सुख-दुख में 24 घंटे साथ रहने वाले हम लोगों के सबसे प्रिय अभिभावक प्रेम भैया अब हमारे बीच नहीं रहे।
फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल पूर्वांचल के अध्यक्ष सनी जौहर ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बनारस के सबसे बड़े व्यापार मंडल के लिए प्रेम मिश्रा का जाना बहुत बड़ी क्षति है। उनके नेतृत्व में बनारस के 75 व्यापारी संगठन कार्य करते रहे। उन्होंने कहा कि जितने व्यापारियों का उन्होंने काम कराया, उनमें हमारा खुद का भी दो-तीन काम था जिसे अध्यक्ष जी ने तत्काल कराया। हाल ही में रामनगर के एक व्यापारी का भी अध्यक्ष जी ने काम कराया, जबकि वह उनके संगठन के सदस्य नहीं थे। व्यापार हितों के लिए उनकी कार्यशैली का यह अलग ही उदाहरण है, जिसका अब कोई विकल्प नहीं है। बनारस का व्यापारी समाज उनके निधन से शोकाकुल है।
वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह “बग्गा” ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि शुरुआत में हम लोग वर्षों तक साथ काम करते रहे। बाद में उनका संगठन अलग हो गया, लेकिन मिश्रा जी व्यापारी हितों में कई बार हम लोगों के साथ मिलकर कार्य करते रहे। उनके निधन से व्यापारी समाज शोक में है।
मणिकर्णिका घाट पर होगा अंतिम संस्कार
प्रेम मिश्रा के छोटे भाई त्रिलोकी मिश्रा ने बताया कि स्वर्गीय प्रेम मिश्रा के बड़े भाई, बनारस घराने के प्रख्यात कलाकार पंडित धर्मनाथ मिश्रा, लखनऊ से बनारस के लिए रवाना हो चुके हैं। अन्य परिवारजन भी जल्द ही पहुंच रहे हैं। उनके आने के बाद उनकी अंतिम शव यात्रा पिपलानी कटरा (कबीर चौरा) स्थित आवास से निकलेगी और मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
क्लाउन टाइम्स परिवार की ओर से महानगर उद्योग व्यापार समिति के अध्यक्ष प्रेम मिश्रा को शत-शत नमन।
ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और परिवारजनों को इस दुख की घड़ी को सहने की भगवान भोलेनाथ शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति…


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4477


सबरंग