वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवपुर थाना पुलिस टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को करीब 13:55 बजे मुखबिर की सूचना पर हरहुआ चौराहे से वांछित आरोपी मो. उमर पुत्र गयाशुद्दीन अहमद निवासी ग्राम सादियाबाद थाना सादियाबाद जिला गाजीपुर, हाल पता बाबतपुर थाना बड़ागांव कमिश्नरेट वाराणसी, उम्र करीब 19 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ एक लगभग 17 वर्षीय बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले में थाना शिवपुर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
घटना के संबंध में 9 मार्च 2026 को वादी द्वारा थाना शिवपुर में लिखित शिकायत दी गई थी कि अज्ञात लड़कों ने उसके 19 वर्षीय बेटे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के पेट में गंभीर घाव हो गया और चाकू पेट में फंस गया, जिसके बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है। इस शिकायत के आधार पर थाना शिवपुर में मु0अ0सं0 0118/2026 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मो. उमर ने बताया कि वह और उसके साथी आपस में मित्र हैं। उनके एक मित्र का राजरत्न विश्वास नामक युवक से पुराना विवाद था और दोनों के बीच पहले से अनबन चल रही थी। उसी विवाद को लेकर योजना बनाई गई और 9 मार्च को स्कूल के पास सभी लोग इकट्ठा हुए। आरोपी के अनुसार उनका मित्र अपने साथ चाकू लेकर आया था और उसने कहा कि राजरत्न विश्वास के आने पर उसे पकड़ लेना।
कुछ देर बाद जब राजरत्न विश्वास वहां पहुंचा तो सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान उनके मित्र ने अपने पास रखा चाकू निकालकर उसके पेट में वार कर दिया, जिसके बाद सभी लोग मौके से भाग गए।
इस मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मंदीप कुमार मिश्रा द्वारा की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मंदीप कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र कुमार, कांस्टेबल आलोक शर्मा और कांस्टेबल रत्नेश राय शामिल रहे।