वाराणसी। जिलाधिकारी द्वारा नामित मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र (DDRC), जिला प्रबंधन टीम, लीगल गार्जियनशिप (लोकल लेवल कमेटी), यूडीआईडी और जिला दिव्यांगता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में दिव्यांगजनों से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा जनपद में नवीन जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र (DDRC) के संचालन के लिए उपयुक्त स्थान चयनित करने के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान अध्यक्ष ने एक समिति गठित करते हुए तीन दिनों के भीतर अपनी आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
यूडीआईडी (Unique Disability ID) के संबंध में अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि जनपद के प्रत्येक दिव्यांगजन का यूडीआईडी कार्ड बनाया जाए तथा पोर्टल पर किसी भी प्रकार का आवेदन लंबित न रखा जाए। सभी प्राप्त आवेदनों पर तत्काल उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं लीगल गार्जियनशिप के अंतर्गत लोकल लेवल कमेटी द्वारा पोर्टल पर प्राप्त कुल 10 आवेदनों को अनुमोदित किया गया। साथ ही लीगल गार्जियनशिप योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों से आवेदन कराने पर जोर दिया गया।
बैठक का संचालन जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी राम प्रकाश सिंह ने किया।