MENU

अंतरराज्यीय मीडिया टीम ने किया बरेका का भ्रमण, लोकोमोटिव निर्माण एवं तकनीकी उत्कृष्टता का लिया जायजा



 03/Mar/26

भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अंतर्गत संचालित डेवलपमेंट कम्युनिकेशन एंड इंफॉर्मेशन डिसेमिनेशन कार्यक्रम के तहत जनकल्याणकारी नीतियों, विकास योजनाओं एवं आधारभूत अवसंरचना की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय (PIB) की 10 सदस्यीय अंतरराज्यीय विशेष मीडिया टीम ने मंगलवार को बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) का विस्तृत भ्रमण किया।

यह मीडिया दल पीआईबी बेंगलुरु की सहायक निदेशक श्रीमती करिश्मा पंत के नेतृत्व में कर्नाटक से उत्तर प्रदेश पहुंचा। टीम में कर्नाटक के विभिन्न प्रमुख मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधिकारी भी शामिल रहे।

लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया का किया प्रत्यक्ष अवलोकन

भ्रमण का मुख्य उद्देश्य बरेका की लोकोमोटिव निर्माण प्रक्रिया, तकनीकी नवाचार, गुणवत्ता मानकों तथा वैश्विक निर्यात उपलब्धियों को समझना और देश की औद्योगिक प्रगति को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना था।

मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने किया। इसके बाद मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको अरविंद कुमार जैन के मार्गदर्शन में टीम ने लोको फ्रेम शॉप, लोको असेंबली शॉप एवं लोको टेस्ट शॉप का निरीक्षण किया।

इस दौरान प्रतिनिधियों ने अत्याधुनिक मशीनरी, स्वचालित उत्पादन प्रणाली, गुणवत्ता नियंत्रण तंत्र तथा सुरक्षा प्रोटोकॉल का अवलोकन किया।


आधुनिक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव निर्माण से रूबरू हुई मीडिया टीम

भ्रमण के दौरान मीडिया दल को बरेका में निर्मित प्रमुख लोकोमोटिवों की निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी गई, जिनमें शामिल हैं

  • यात्री वाहक इलेक्ट्रिक लोको WAP-7
  • मालवाहक इलेक्ट्रिक लोको WAG-9
  • अमृत भारत लोको

इसके अलावा गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए तैयार किए जा रहे डीजल लोकोमोटिव उत्पादन कार्यों की भी जानकारी साझा की गई। प्रतिनिधियों ने लोको कैब की आधुनिक सुविधाएं, चालक-अनुकूल एर्गोनॉमिक डिजाइन, डिजिटल कंट्रोल सिस्टम और उन्नत सुरक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन किया।

 “मेक इन इंडिया मेक फॉर द वर्ल्डका उदाहरण बना बरेका

भ्रमण के दौरान बताया गया कि बरेका अब तक 11 देशों को 182 डीजल लोकोमोटिव निर्यात कर चुका है। यह उपलब्धि भारत की औद्योगिक क्षमता और मेक इन इंडिया मेक फॉर द वर्ल्डपहल का सशक्त उदाहरण मानी जा रही है।

उप मुख्य विद्युत इंजीनियर/लोको सुदीप रावत ने मीडिया टीम को तकनीकी प्रक्रियाओं और गुणवत्ता आश्वासन प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

संवाद सत्र में साझा की गई उपलब्धियां

कार्यशाला भ्रमण के पश्चात प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में महाप्रबंधक आशुतोष पंत की अध्यक्षता में संवाद एवं प्रस्तुतीकरण सत्र आयोजित किया गया।

महाप्रबंधक ने बरेका के इतिहास, उत्पादन क्षमता, आधुनिकीकरण प्रयासों एवं निर्यात उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बरेका भारतीय रेल की जरूरतों को पूरा करने के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी तकनीकी विश्वसनीयता स्थापित कर चुका है।

मीडिया प्रतिनिधियों के प्रश्नों का विस्तृत एवं तथ्यात्मक उत्तर दिया गया, जिससे संवाद सत्र अत्यंत सकारात्मक एवं ज्ञानवर्धक रहा।

वरिष्ठ अधिकारियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, उप महाप्रबंधक सागर तथा जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

औद्योगिक विकास का प्रमुख स्तंभ : बरेका

मीडिया प्रतिनिधियों ने बरेका की उत्पादन दक्षता, तकनीकी नवाचार, सुव्यवस्थित कार्य संस्कृति और वैश्विक उपलब्धियों की सराहना करते हुए इसे भारतीय रेल के औद्योगिक विकास का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया।

यह भ्रमण न केवल बरेका की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि भारत की औद्योगिक आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिस्पर्धा को भी मजबूती प्रदान करेगा।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4640


सबरंग