MENU

काशी पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन



 28/Feb/26

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को वाराणसी पहुंचे। काशी आगमन के दौरान उन्होंने विश्वप्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और देशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने बाबा का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के उपरांत मीडिया से संक्षिप्त बातचीत में उन्होंने कहा कि भगवान शिव की पावन नगरी काशी में श्री बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर उनका मन अलौकिक ऊर्जा और सकारात्मक भाव से भर गया है।

उन्होंने कहा कि काशी केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की धुरी है। बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद देश के किसानों, युवाओं और मातृशक्ति पर बना रहे, यही उनकी प्रार्थना है। मंत्री ने प्रदेश एवं देश की उन्नति, समृद्धि और शांति के लिए विशेष प्रार्थना की।

अपने दौरे के दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। बताया जा रहा है कि वाराणसी प्रवास के दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

उन्होंने अंत में कहा कि देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे और हर भारतीय के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का वास हो।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2125


सबरंग