वाराणसी। थाना फूलपुर क्षेत्र के चौकी कठिरांव अंतर्गत ग्राम लाठिया में 25 फरवरी 2026 को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। मृतका की पहचान आशा देवी पत्नी सुभाष वनवासी के रूप में हुई। घर में शव मिलने और शरीर पर चोट के निशान पाए जाने के बाद पुलिस व फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन किया।
मृतका के पति की तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 0063/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मृतका की नाबालिग बहू का नाम प्रकाश में आया। 26 फरवरी 2026 को थाना फूलपुर पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में बहू ने हत्या करना स्वीकार किया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी पहले ही घटनास्थल के पास से बरामद की जा चुकी थी। पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसकी सास उसे प्रताड़ित करती थीं और उसकी जमा राशि अपनी बेटी को दे देती थीं। घटना वाले दिन दोनों बैंक ऑफ बड़ौदा से ₹2000 निकालकर कठिरांव बाजार की एक सर्राफा दुकान पर गिरवी रखे लॉकेट को छुड़ाने गईं, लेकिन ₹500 कम होने के कारण लॉकेट नहीं मिल सका। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई जो घर लौटने के बाद बढ़ गई। आवेश में आकर बहू ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे सास की मौत हो गई।
पुलिस द्वारा नाबालिग अभियुक्ता के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। चूंकि आरोपी बाल अपचारी है, इसलिए मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत प्रक्रिया अपनाई जाएगी।