वाराणसी। विश्वविद्यालय के बहुप्रतीक्षित सांस्कृतिक महोत्सव “स्पंदन-2026” में फैकल्टी ऑफ विजुअल आट्र्स ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ ओवरऑल प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की। नृत्य, थिएटर साहित्य, ललित कला एवं संगीत के संयुक्त अंकों के आधार पर यह ऐतिहासिक विजय दर्ज की गई।
विशेष रूप से ललित कला (Fine Arts) की सभी प्रतियोगिताओं में फैकल्टी के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी सृजनात्मक क्षमता, तकनीकी दक्षता एवं कलात्मक उत्कृष्टता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न अन्य प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता अर्जित की, जिनकी विस्तृत सूची संलग्न है।
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के “स्पंदन-2026” की सांस्कृतिक शोभायात्रा में दृश्य कला संकाय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी कार्यक्रमों में ललित कला प्रतियोगिताओं के अलावा अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जैसे – संगीत, नृत्य तथा रंगमंच प्रतियोगिताओं में भी दृश्य कला संकाय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया तथा कई पुरस्कार प्राप्त किए। विश्वविद्यालय के इस विशाल सांस्कृतिक आयोजन स्पंदन-2026 में दृश्य कला संकाय के संगतकारों सहित 91 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया, जो विश्वविद्यालय के अन्य संकायों के प्रतिभागी विद्यार्थियों की तुलना में सबसे अधिक रही। आयोजन की कुल 39 प्रतियोगिताओं में से दृश्य कला संकाय ने 10-प्रथम, 2-द्वितीय तथा 1-तृतीय पुरस्कार प्राप्त कर अभूतपूर्व विजय प्राप्त की।
इस अद्वितीय प्रदर्शन और उपलब्धि के पीछे विद्यार्थियों की कठोर साधना, अनुशासन और टीमवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संकाय को निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए दृश्य कला संकाय की संकाय प्रमुख प्रो. उत्तमा दीक्षित, छात्र सलाहकार डॉ॰ आशीष कुमार गुप्ता, डॉ॰ ललित मोहन सोनी, विभागाध्यक्ष (व्यावहारिक कला) मनीष अरोड़ा तथा डॉ. सुरेश चंद्र जांगिड का विशेष योगदान रहा।
संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन स्पंदन टीम लीडर मोनाली सिंह, सह-लीडर अनिकेत रजक एवं आकाश वर्मा के नेतृत्व एवं अन्य छात्र-छात्राओं के समन्वय में संपन्न हुआ। उनके कुशल निर्देशन में सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं प्रभावशाली रूप से आयोजित किए गए।
दृश्य कला संकाय की यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए अत्यंत ही गर्व का विषय है, बल्कि यह विद्यार्थियों की रचनात्मक ऊर्जा, समर्पण और सामूहिक प्रयास का प्रतीक भी है।