वाराणसी कमिश्नरेट के थाना सारनाथ पुलिस ने कोडीनयुक्त औषधियों के अवैध क्रय-विक्रय के मामले में वांछित अभियुक्त सत्येन्द्र कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राजा मेडिकल एण्ड सर्जिकल एजेन्सी का संचालक है और लंबे समय से फरार चल रहा था।
पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराधों की रोकथाम तथा वांछित/फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा ज़ोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ की टीम ने शनिवार को दोपहर करीब 12:45 बजे थाना परिसर से आरोपी को पूछताछ के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया।
क्या है पूरा मामला ?
18 दिसंबर 2025 को औषधि निरीक्षक वाराणसी जुनाब अली द्वारा थाना सारनाथ में तहरीर दी गई थी। आरोप था कि मेसर्स पी.डी. फार्मा द्वारा प्रदत्त औषधि विक्रय लाइसेंस का दुरुपयोग कर कोडीनयुक्त दवाओं को बिना चिकित्सकीय परामर्श और वैधानिक औपचारिकताएं पूरी किए खुले बाजार में नशे के उद्देश्य से बेचा जा रहा था, साथ ही कूटरचित (फर्जी) क्रय-विक्रय बिलों का प्रयोग कर अवैध व्यापार किए जाने तथा लोकसेवक द्वारा जांच के लिए बुलाए जाने पर जानबूझकर अवज्ञा करने का भी आरोप लगाया गया था। तहरीर के आधार पर थाना सारनाथ में मुकदमा अपराध संख्या 0623/2025 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 208, 61(2) बीएनएस एवं 8/21/29/26D एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी द्वारा की जा रही है।
पहले ही 9 आरोपी जा चुके हैं जेल :
उक्त प्रकरण में अब तक 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। इनमें विभिन्न मेडिकल एजेंसियों व फार्मा प्रतिष्ठानों से जुड़े संचालक और प्रोपराइटर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अवैध नशीली दवाओं के नेटवर्क पर बड़ी चोट मानी जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण :
सत्येन्द्र कुमार साहू (उम्र लगभग 43 वर्ष), पुत्र स्व. मुन्नूलाल, निवासी 760 मालवीय नगर, थाना मुठ्ठीगंज, जनपद प्रयागराज का निवासी है, अभियुक्त के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 0623/2025 थाना सारनाथ कमिश्नरेट वाराणसी में पंजीकृत है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी,कांस्टेबल सौरभ तिवारी रहे। थाना सारनाथ पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।