ATS की बड़ी कार्रवाई: VPN और प्रॉक्सी के जरिए बम धमकी मेल भेजने वाला आजमगढ़ से गिरफ्तार, जौनपुर कोर्ट और पुलिस लाइन को उड़ाने की दी थी धमकी
पांच फर्जी ईमेल आईडी बनाकर भेजी थी धमकी, एटीएस जांच में खुला मामला
जौनपुर/आजमगढ़। जौनपुर न्यायालय परिसर एवं पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश एटीएस ने आजमगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए VPN के पेड वर्जन, प्रॉक्सी आईपी तथा अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया था।
दिनांक 17 फरवरी 2026 को जिला जज के सरकारी ई-मेल आईडी पर कुल पांच अलग-अलग ई-मेल आईडी से धमकी भरे मेल भेजे गए थे। इन मेल में जौनपुर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में कुछ मोबाइल नंबर अंकित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से एक लाख रुपये भेजवाने की मांग की गई थी। रकम न मिलने पर विस्फोट करने की चेतावनी दी गई थी।
इस संबंध में थाना लाइन बाजार, जनपद जौनपुर में मु.अ.सं. 71/26 धारा 308(5), 125, 351(3) भारतीय न्याय संहिता 2023, 7 आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम 1932 तथा 66 आईटी एक्ट 2008 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
उक्त प्रकरण की जांच उत्तर प्रदेश एटीएस द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान संबंधित ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया गतिविधियों, VPN और प्रॉक्सी सर्वर का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में विशाल रंजन पुत्र हीरालाल निवासी बक्शपुर, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ का नाम प्रकाश में आया।
एटीएस टीम ने सिधारी, आजमगढ़ स्थित उसके किराए के मकान पर पहुंचकर पूछताछ की और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दो मेमोरी कार्ड, चार सिम कार्ड तथा 21,092 रुपये नकद बरामद किए।
तकनीकी जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने प्रोटॉन मेल, जीमेल और आउटलुक पर लगभग 50 ई-मेल आईडी बनाई थीं। इसके अलावा करीब 20 फर्जी फेसबुक आईडी भी संचालित की जा रही थीं। सोशल मीडिया से महिलाओं की तस्वीरें डाउनलोड कर आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने के भी प्रमाण मिले हैं। जांच में आजमगढ़ रोडवेज को बम से उड़ाने से संबंधित एक अन्य धमकी संदेश भी तैयार मिला, जिसे भेजने की तैयारी थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जिस युवती से वह प्रेम करता था, उसकी शादी जौनपुर के एक युवक से तय हो गई थी। पंचायत में हुई घटनाओं के बाद उसने बदले की भावना से यह साजिश रची। आरोपी ने पंचायत में शामिल लोगों के मोबाइल नंबर सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त किए और उन्हीं के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर धमकी भरे संदेश भेजे, ताकि पुलिस कार्रवाई में उन्हें फंसाया जा सके।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 22 फरवरी 2026 को थाना सिधारी क्षेत्र अंतर्गत हड़हा बाबा नरौली स्थित किराए के कमरे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Jaunpur Bomb Threat News, ATS Action Jaunpur, Jaunpur Court Bomb Threat, Jaunpur Police Line Threat, Azamgarh Arrest News, UP ATS Action, VPN Fraud Case UP, Fake Email Threat Case, Jaunpur Breaking News, UP Crime News Hindi, Clown Times News
एटीएस की बड़ी कार्रवाई में जौनपुर न्यायालय और पुलिस लाइन को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी आजमगढ़ से गिरफ्तार। VPN और फर्जी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर भेजी थी धमकी, तकनीकी जांच में बड़ा खुलासा।