सत्र 2026-27 से फिजियोथेरेपी एवं ऑक्यूपेशनल थेरेपी स्नातक पाठ्यक्रम (बीपीटी एवं बीओटी) में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण परिवर्तन किया गया है। नेशनल कमीशन फॉर एलाइड एंड हेल्थकेयर प्रोफेशन्स (NCAHP) द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार अब बीपीटी एवं बीओटी कोर्स में प्रवेश के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा में सम्मिलित होना अनिवार्य होगा। निर्देशानुसार केवल वही अभ्यर्थी शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीपीटी पाठ्यक्रम में प्रवेश के पात्र होंगे, जो NEET (UG) 2026 परीक्षा में सम्मिलित होंगे। बीपीटी में प्रवेश की विस्तृत प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देश संबद्ध विश्वविद्यालय अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ की आधिकारिक वेबसाइट (www.abvmuup.edu.in) पर उपलब्ध हैं। साथ ही NCAHP द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार भविष्य में संस्थान का नाम एलाइड एंड हेल्थकेयर किया जाएगा। इस क्रम में एपेक्स कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी के स्थान पर एपेक्स इंस्टिट्यूट ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर किए जाने हेतु अनुमोदन प्रक्रिया संबंधित प्राधिकृत संस्थानों के साथ प्रगति पर है।
एपेक्स के चेयरमैन प्रो० डॉ० एसके सिंह ने स्पष्ट किया कि इस निर्णय का उद्देश्य एलाइड एवं हेल्थकेयर शिक्षा के व्यापक दायरे को समाहित करते हुए पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की पहचान को और सुदृढ़ बनाना है। इस नई व्यवस्था के तहत प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं राष्ट्रीय स्तर की एकरूपता सुनिश्चित की जाएगी।