वाराणसी। पाण्डेयपुर इलाके में एक ज्वेलर्स की दुकान से सोना-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हुई महिला को कैण्ट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए गहने भी बरामद कर लिए हैं।
घटना 27 जनवरी 2026 की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मिर्जापुर जनपद की रहने वाली 42 वर्षीय शीला देवी गहना खरीदने के बहाने लालपुर-पाण्डेयपुर स्थित AK ज्वेलर्स की दुकान पर पहुंची थी। दुकान पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे कई आभूषण दिखाए। इसी दौरान जब दुकानदार दूसरे ग्राहक में व्यस्त हुआ, तो महिला ने मौका देखकर कुछ गहने गायब कर दिए और चुपचाप निकल गई।
दुकानदार को शक होने पर जब CCTV फुटेज खंगाला गया तो पूरी वारदात कैमरे में कैद मिली। फुटेज के आधार पर महिला की पहचान की गई और उसकी तलाश शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार 19 फरवरी को संदिग्ध महिला को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मामला स्पष्ट होने के बाद उसे विधिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से पीली धातु के टप्स, नथिया, कान की बालियां, अंगूठियां तथा एक सफेद धातु का कड़ा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद पीली धातु का कुल वजन करीब 16.455 ग्राम है।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं से चिंता बढ़ी है, हालांकि पुलिस की तत्परता से आरोपी की गिरफ्तारी होने पर राहत भी महसूस की जा रही है।