वाराणसी। कचहरी क्षेत्र में जाम की समस्या को दूर करने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा कलर-कोडेड पार्किंग व्यवस्था लागू की गई है। नई प्रणाली के तहत सेन्ट्रल बार एसोसिएशन और बनारस बार एसोसिएशन के पंजीकृत अधिवक्ताओं को निःशुल्क वाहन पार्किंग पास उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पास वितरण की शुरुआत अधिवक्ताओं के वाहनों पर पास लगाकर की गई।
कचहरी के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग से उत्पन्न जाम को देखते हुए कलर-कोडेड पार्किंग प्रणाली लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत हरी पट्टी में दोपहिया और पीली पट्टी में चारपहिया वाहन पार्क करने की अनुमति होगी। पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन किया जा रहा है, ताकि पूरे क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित और सुरक्षित रहे।
सेन्ट्रल बार एसोसिएशन में 7637 और बनारस बार एसोसिएशन में 5604 अधिवक्ता पंजीकृत हैं। दोनों एसोसिएशन में पंजीकृत सभी अधिवक्ताओं को COP नंबर के आधार पर चरणबद्ध तरीके से निःशुल्क पार्किंग पास दिए जा रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के बाहर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाया जाएगा, जिससे मार्ग अतिक्रमण मुक्त होगा और यातायात सुचारू रूप से संचालित हो सकेगा।
कमिश्नरेट द्वारा जारी जानकारी के अनुसार मल्टीलेवल पार्किंग में एक सप्ताह के भीतर शीर्ष तल पर भी पार्किंग व्यवस्था शुरू की जाएगी, जिससे लगभग 500 अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग क्षमता उपलब्ध हो जाएगी। नई पार्किंग व्यवस्था से कचहरी क्षेत्र में जाम की समस्या कम होगी और आमजन का आवागमन अधिक सुरक्षित और निर्बाध होगा।