वाराणसी विकास प्राधिकरण कार्यालय में आज 02 फरवरी 2025 को समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने की। बैठक में प्राधिकरण के सभी जोनों के ज़ोनल अधिकारी एवं अवर अभियंता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कम्पाउंडिंग मानचित्र, जमा धनराशि की स्थिति, अवैध प्लाटिंग तथा अवैध निर्माण से जुड़े मामलों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मानचित्र और लेआउट स्वीकृति की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी जोन में अवैध प्लाटिंग अथवा अवैध निर्माण की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। इसके लिए नियमित निरीक्षण, सतर्क निगरानी और नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपाध्यक्ष ने कहा कि नियोजित एवं संतुलित शहरी विकास के लिए नियमों का सख्ती से पालन आवश्यक है। सभी अधिकारियों को पूर्ण जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करते हुए शहर के सुव्यवस्थित विकास को सुनिश्चित करना होगा।