वाराणसी में तीन दिवसीय पिंडरा महोत्सव का शुभारंभ, मनोज तिवारी और निरहुआ ने जमाया रंग
लखनऊ/वाराणसी, 30 जनवरी 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में काशी कॉरिडोर के माध्यम से वाराणसी का ऐतिहासिक कायाकल्प हुआ है और विकास की एक नई गाथा लिखी गई है। काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा-वृंदावन भी उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक विकास त्रिकोण के सशक्त केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। यह बात पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र में आयोजित तीन दिवसीय पिंडरा महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर कही।
नेशनल इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित पिंडरा महोत्सव का उद्घाटन करते हुए मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक चेतना और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रयासों से प्रदेश के प्रत्येक जिले में ऐसे आयोजन हो रहे हैं, जो उत्तर प्रदेश की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई प्रदान कर रहे हैं।
जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार संस्कृति, परंपरा और भारतीय मूल्यों के संरक्षण के लिए लगातार ऐतिहासिक कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि काशी में जन्म लेना सौभाग्य की बात है, यह मोक्षदायिनी भूमि है। काशी कॉरिडोर के माध्यम से वाराणसी को एक नई पहचान मिली है। साथ ही, 500 वर्षों के बाद अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण पूरे देश के लिए गर्व का विषय है, जिसका श्रेय मोदी-योगी सरकार को जाता है।
काशी से अयोध्या और अब मथुरा-वृंदावन तक आध्यात्मिक विकास का विस्तार
पर्यटन मंत्री ने कहा कि काशी और अयोध्या के बाद अब मथुरा और वृंदावन भी उसी आध्यात्मिक विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। चाहे काशी हो, अयोध्या हो, मथुरा-वृंदावन हो, नैमिषारण्य धाम हो या विंध्यवासिनी धाम, उत्तर प्रदेश के लगभग हर क्षेत्र में पर्यटन और संस्कृति के माध्यम से धार्मिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक पहचान को सशक्त किया जा रहा है।
उन्होंने विधायक डॉ. अवधेश सिंह सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रस्ताव पर पिंडरा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने पिंडरा महोत्सव की सफलता के लिए आयोजकों और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं तथा भोजपुरी कलाकारों और सांसद मनोज तिवारी का अभिनंदन भी किया।
पिंडरा महोत्सव में कलाकारों का लगा मेला
वाराणसी के पिंडरा क्षेत्र में 30 जनवरी से शुरू हुआ पिंडरा महोत्सव 1 फरवरी तक चलेगा। तीन दिवसीय यह महोत्सव कला, संस्कृति और विकास का संगम प्रस्तुत कर रहा है। भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय कलाकार मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
महोत्सव में लोक संगीत, लोक नृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को भी मंच प्रदान किया गया है। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों के लिए खेलकूद और शैक्षिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। महिलाओं और दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रम भी महोत्सव का प्रमुख हिस्सा हैं। पिंडरा महोत्सव क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना के साथ-साथ विकास की नई उम्मीदें जगा रहा है।