MENU

वाराणसी जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सीर गोवर्धनपुर का किया औचक निरीक्षण, संत रविदास जयंती की तैयारियों का लिया जायजा



 27/Jan/26

वाराणसी/दिनांक: 27 जनवरी 2026 (सूचना विभाग)। संत रविदास जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने सीर गोवर्धनपुर परिक्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं श्री गुरु रविदास जन्मस्थली न्यास के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की और सभी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

न्यास के चेयरमैन द्वारा कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी जिलाधिकारी को दी गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने रविदास मंदिर में मत्था टेका तथा मंदिर परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने लंगर हॉल, मेला क्षेत्र, दर्शनार्थियों के रात्रि निवास स्थल, बनाए जा रहे पंडाल एवं मंच व्यवस्था सहित संपूर्ण परिसर का जायजा लिया। साथ ही विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए टेंटों की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने नगर निगम को निर्देशित किया कि पूरे परिसर एवं मंदिर के आसपास विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मंदिर की ओर से लगाए गए वॉलिंटियर एवं नगर निगम के सफाईकर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सके। भीड़ नियंत्रण के लिए स्पष्ट रणनीति बनाकर उसे सख्ती से लागू करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि सेक्टरवार जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे पुलिस अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न उत्पन्न हो। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम एवं एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए। वहीं फायर विभाग को मौके पर दमकल वाहन उपलब्ध रखने और सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, लोक निर्माण विभाग को सड़कों के गड्ढे भरने एवं टूटे स्पीड ब्रेकरों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात विभाग को सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था एवं पर्याप्त वाहन पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा। जुलूस मार्ग पर लटके तारों को हटाने तथा जुलूस के आगे एक मोबाइल टीम चलाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनमानस को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए और श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी आलोक वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह, अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6626


सबरंग