वाराणसी, 27 जनवरी 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति शासी निकाय की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
उत्तर प्रदेश हेल्थ डैशबोर्ड के माध्यम से टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने स्क्रीनिंग की कम उपलब्धि पर कड़ा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि टीबी मुक्त अभियान में किसी भी स्तर पर शिथिलता क्षम्य नहीं है। सीडीओ ने जनपद स्तर पर कार्यरत सभी स्वास्थ्य टीमों को चेतावनी जारी करने तथा न्यूनतम उपलब्धि वाले प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस निर्गत करने के निर्देश दिए। साथ ही अभियान की प्रतिदिन समीक्षा सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीबी स्क्रीनिंग बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति बनाकर प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।
बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत बनाए गए आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा की गई। लक्ष्य के सापेक्ष कम आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए बड़ागांव के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को कड़े निर्देश दिए।
सीडीओ ने नमो शक्ति रथ के माध्यम से की जा रही ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की प्रगति की भी समीक्षा की और इसमें और तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों के आधार पर उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य सूचकांक में जनपद के 11वें स्थान पर रहने पर असंतोष जताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य निष्पादन में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत कार्यरत मेडिकल टीमों को बर्थ डिफेक्ट से ग्रसित बच्चों की पहचान कर उनका विवरण सबल काशी ऐप पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय ने जानकारी दी कि जनपद में लगभग 19 लाख एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 10 फरवरी 2026 को किया जाएगा। वहीं छूटे हुए बच्चों को दवा खिलाने के लिए 13 फरवरी 2026 को मॉप-अप दिवस आयोजित किया जाएगा। सीडीओ ने इस कार्यक्रम के लिए माइक्रोप्लान तैयार कर समयबद्ध प्रशिक्षण पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद द्वारा जनपद में संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपलब्धियों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया गया।
बैठक में राजकीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, अपर एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, जेएसआई के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. शाहिद सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।