वाराणसी । 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की पुलिस लाइन में भव्य, गरिमामयी और ऐतिहासिक समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन महिला सशक्तिकरण और नारी शक्ति को समर्पित रहा। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पहली बार ऑल वुमेन पुलिस परेड का आयोजन किया गया, जिसने पूरे प्रदेश में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया।
इस ऐतिहासिक परेड में 400 से अधिक महिला पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। महिला पुलिस बल ने अनुशासन, साहस, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया। परेड के दौरान महिला पुलिसकर्मियों की आत्मनिर्भरता और सुरक्षा व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका स्पष्ट रूप से देखने को मिली।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा कैम्प कार्यालय पर ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा और कर्तव्य पालन की शपथ दिलाई गई।
पुलिस लाइन कमिश्नरेट वाराणसी में आयोजित परेड में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग रविन्द्र जायसवाल उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, परेड का निरीक्षण किया गया और परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया गया।
गणतंत्र दिवस परेड का नेतृत्व ACP UT मानसी दहिया द्वारा किया गया। महिला पुलिसकर्मियों की सधी हुई कदमताल और अनुशासन ने समारोह में उपस्थित सभी लोगों को प्रभावित किया।
गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टोलियों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान टोली संख्या 11 को, द्वितीय स्थान टोली संख्या 02 को तथा तृतीय स्थान टोली संख्या 07 को प्राप्त हुआ।
समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने देशभक्ति का वातावरण बना दिया। बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान अटल आवासीय विद्यालय को, द्वितीय स्थान हैप्पी मॉडर्न स्कूल पहड़िया को तथा तृतीय स्थान वीरेन्द्र महिला पीजी कॉलेज को प्रदान किया गया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनपद के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और समाजसेवियों को उनके सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष कार्यों के लिए कुल 40 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। इसके साथ ही जनपद में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 16 समाजसेवियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा उत्कृष्ट सेवा पदक पुलिस उपायुक्त यातायात एवं सुरक्षा अनिल कुमार यादव को प्रदान किया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक द्वारा सराहनीय सेवाओं के आधार पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरि मीणा को प्रशंसा चिन्ह (हीरक) प्रदान किया गया। अपर पुलिस उपायुक्त जोन वरुणा नीतू को प्रशंसा चिन्ह (रजत) दिया गया। उप निरीक्षक दिगम्बर उपाध्याय, आरक्षी दुर्गेश कुमार पंडित, आरक्षी मुकेश कुमार प्रजापति, मुख्य आरक्षी चन्द्रभान यादव, मुख्य आरक्षी लालबहादुर, मुख्य आरक्षी गोपाल चौहान, आरक्षी मयंक त्रिपाठी, मुख्य आरक्षी ब्रह्मानन्द शुक्ल तथा मुख्य आरक्षी स0पु0 रविन्द्र भारती को प्रशंसा चिन्ह (रजत) प्रदान किया गया। उप निरीक्षक गौरव कुमार सिंह को शौर्य के आधार पर सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया।
गणतंत्र दिवस परेड में शामिल टोलियों का नेतृत्व महिला उप निरीक्षकों और महिला आरक्षियों द्वारा किया गया। टोली संख्या 01 का नेतृत्व उमा जादौन ने किया। टोली संख्या 02 की कमान निकिता सिंह के पास रही। टोली संख्या 03 का नेतृत्व अंकिता गौड़, टोली संख्या 04 का आकांक्षा मिश्रा, टोली संख्या 05 का खुशबू सिंह, टोली संख्या 06 का कुसुम जायसवाल, टोली संख्या 07 का संजना गौतम, टोली संख्या 08 का मीना, टोली संख्या 09 का अंजनी, टोली संख्या 10 का रागिनी शर्मा, टोली संख्या 11 का रोशनी नरवरिया, टोली संख्या 12 का प्रीती ओझा, टोली संख्या 13 का प्रेमलता सिंह तथा टोली संख्या 14 का नेतृत्व विजेता कुमारी द्वारा किया गया। टोली संख्या 15 का नेतृत्व प्रशिक्षु महिला आरक्षी प्रियंका सिंह ने किया। घुड़सवार दस्ते का नेतृत्व दिव्या भदौरिया तथा स्कूटी दस्ते का नेतृत्व खुशबु सिंह द्वारा किया गया।
पूरा समारोह अनुशासन, देशभक्ति और महिला सशक्तिकरण की भावना से ओतप्रोत रहा। यह आयोजन वाराणसी पुलिस के इतिहास में एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक उपलब्धि के रूप में दर्ज किया गया।
गणतंत्र दिवस वाराणसी, वाराणसी पुलिस लाइन परेड, ऑल वुमेन पुलिस परेड, महिला पुलिस यूपी, वाराणसी पुलिस समाचार, Clown Times