वाराणसी न्यूज। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में थाना चेतगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक चेतगंज के नेतृत्व में थाना चेतगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दिनांक 22 जनवरी 2026 को वाहन चोरी के एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त शुभम विश्वकर्मा पुत्र नीबू लाल विश्वकर्मा निवासी एस-17/95 नदेसर थाना कैट वाराणसी उम्र लगभग 26 वर्ष को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय की दीवार के किनारे से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के विरुद्ध थाना चेतगंज पर मु0अ0सं0 0011/2026 धारा 303(2) व 317(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि उक्त स्कूटी उसकी ही थी, जिसे उसने मुनाफे के उद्देश्य से दिनांक 15 दिसंबर 2025 को काशी बाइक बाजार, जंगतगंज वाराणसी में 17,000 रुपये में बेच दिया था। इसके बाद अभियुक्त ने अपने भाई के साथ मिलकर दिनांक 16 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 बजे से 1 बजे के बीच उसी स्कूटी को काशी बाइक बाजार से चोरी कर लिया। अभियुक्त द्वारा किया गया यह कृत्य भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं 317(2) के अंतर्गत दंडनीय अपराध है, जिसकी जानकारी देते हुए उसे दिनांक 22 जनवरी 2026 को पुलिस हिरासत में लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की स्कूटी यामाहा फासीनो, वाहन संख्या UP65 DD 5094 बरामद की है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें वर्ष 2025 में मु0अ0सं0 0224/2025 धारा 137(2) व 87 बीएनएस थाना चेतगंज जनपद वाराणसी में पंजीकृत है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना चेतगंज के प्रभारी निरीक्षक श्री विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक श्री राहुल बरनवाल, उपनिरीक्षक संदीप कुमार सिंह चौकी प्रभारी नाटीइमली, आरक्षी पुनीत कुमार तथा सर्विलांस सेल के आरक्षी अश्वनी सिंह शामिल रहे। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है