MENU

सनबीम एकेडमी समूह का ‘एलीट 11’ स्कॉलरशिप कम एंट्रेंस टेस्ट अपने 11वें वर्ष में, छात्रों में जबरदस्त उत्साह : रोहन मधोक CEO



 20/Jan/26

वाराणसी। शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी सनबीम एकेडमी समूह द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप कम एंट्रेंस टेस्ट एलीट 11’ का 11वां संस्करण इस वर्ष आयोजित किया जा रहा है। बीते एक दशक से अधिक समय से यह परीक्षा मेधावी छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनी हुई है। एलीट 11 न केवल शैक्षणिक प्रतिभा की पहचान करता है, बल्कि आर्थिक सहयोग के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव भी रखता है।

सनबीम एकेडमी समूह के अनुसार एलीट 11 परीक्षा का आयोजन दो चरणों में किया जाएगा। कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए यह परीक्षा 1 फरवरी 2026 को आयोजित होगी, जबकि कक्षा 11 के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा 15 मार्च 2026 को संपन्न कराई जाएगी।

एलीट 11 परीक्षा की सबसे बड़ी विशेषता इसकी व्यापक छात्रवृत्ति योजना है। परीक्षा में शीर्ष 11 स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 100 प्रतिशत छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, जिसके अंतर्गत उन्हें दो वर्षों तक किसी भी प्रकार की शैक्षणिक फीस नहीं देनी होती। इसके अतिरिक्त अन्य योग्य और प्रतिभाशाली छात्रों को 10 प्रतिशत से लेकर 100 प्रतिशत तक की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है, ताकि कोई भी होनहार छात्र आर्थिक कारणों से शिक्षा से वंचित न रह जाए।

सनबीम एकेडमी ग्रुप शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए प्रत्येक वर्ष लगभग 1 करोड़ रुपये की छात्रवृत्तियाँ प्रदान करता है। यह पहल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक सुलभ और समावेशी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

इस वर्ष एलीट 11 परीक्षा को लेकर छात्रों और अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। कक्षा 9 के लिए जहां 1500 से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं, वहीं कक्षा 11 के लिए अब तक 2500 से अधिक छात्रों ने आवेदन कर दिया है। आवेदन की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि इस परीक्षा की लोकप्रियता और विश्वसनीयता को दर्शाती है।

सनबीम एकेडमी समूह का मानना है कि एलीट 11 केवल एक प्रवेश परीक्षा नहीं, बल्कि प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण को सम्मान देने का मंच है। संस्थान का उद्देश्य योग्य विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शैक्षणिक वातावरण, अंतरराष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि वे भविष्य में देश और समाज का नाम रोशन कर सकें।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7915


सबरंग