MENU

सुविधा साड़ी 70 लाख धोखाधड़ी केस का बड़ा खुलासा, 5 साल से फरार 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार



 19/Jan/26

SHO कैंट शिवाकांत मिश्र और उनकी टीम की बड़ी सफलता, 5 साल बाद 25 हजार का इनामी आरोपी गुरुग्राम से दबोचा गया

25 हजार का इनामी, 5 वर्षों से फरार 70 लाख की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी। वाराणसी कमिश्नरेट के थाना कैंट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी और पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्त को हरियाणा के गुरुग्राम से दबोचा है।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अभियान के तहत की गई। वरुणा जोन के पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में थाना कैंट पुलिस द्वारा जीरो टॉलरेंस नीति के अंतर्गत वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी की गई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सौरभ गुप्ता पुत्र राजेश कुमार गुप्ता, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है।

उसका हाल पता 519/5 पटेल नगर, थाना सिविल लाइन, जनपद गुरुग्राम (हरियाणा) तथा मूल पता एस-16/1 गंगा नगर कॉलोनी, थाना आदमपुर, जनपद वाराणसी है।

70 लाख की धोखाधड़ी का मामला

पुलिस के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ थाना कैंट कमिश्नरेट वाराणसी में मु00सं0 0479/21 धारा 420/409 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है। यह मामला वाराणसी के अर्दली बाजार स्थित प्रसिद्ध साड़ी व्यवसाय सुविधा साड़ी से जुड़ा है, जिसके अध्यक्ष अमित सेवारमानी हैं।

फर्जी फर्म बनाकर किया गबन

आरोप है कि सौरभ गुप्ता ने सुविधा साड़ी में मैनेजर/अकाउंटेंट के पद पर रहते हुए अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर फर्जी फर्म बनाकर माल भुगतान के नाम पर लगभग 70 लाख रुपये का गबन किया।

2021 में दर्ज हुआ था मुकदमा

इस संबंध में सुविधा साड़ी के अध्यक्ष अमित सेवारमानी की ओर से 08 सितंबर 2021 को थाना कैंट में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मुकदमा पंजीकृत होने के बाद से ही अभियुक्त फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

गुरुग्राम से हुई गिरफ्तारी

थाना कैंट पुलिस ने सर्विलांस सेल और साइबर टीम की सहायता से अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस कर 18 जनवरी 2026 को शाम 6 बजे थाना सिविल लाइन, गुरुग्राम (हरियाणा) से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उप निरीक्षक आशुतोष कुमार त्रिपाठी, उप निरीक्षक बलवंत कुमार, हेड कांस्टेबल ज्ञानेन्द्र कुमार (सर्विलांस सेल), कांस्टेबल प्रेम पंकज (सर्विलांस सेल) और कांस्टेबल नागेन्द्र कुमार शामिल रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4462


सबरंग