MENU

वाराणसी के थाना कैंट में लावारिस 30 वाहनों की नीलामी, 2.25 लाख रुपये प्लस जीएसटी में बिकी संपत्ति



 18/Jan/26

वाराणसी, 18 जनवरी 2026। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर थाना मालखानों में लंबे समय से रखी लावारिस संपत्तियों के निस्तारण एवं स्वच्छता अभियान को गति देने के उद्देश्य से ऑपरेशन क्लीन के तहत थाना कैंट में बड़ी नीलामी कार्रवाई की गई।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के आदेश पर गठित टीम द्वारा थाना कैंट में दाखिल कुल 30 लावारिस वाहनों की नीलामी कराई गई। इनमें 26 दोपहिया वाहन, 2 तिपहिया वाहन एवं 2 चार पहिया वाहन शामिल थे। नीलामी में 2 लाख 25 हजार रुपये प्लस 18 प्रतिशत जीएसटी की सर्वाधिक बोली लगाई गई।
नीलामी किए गए वाहनों में 26 अदद लावारिस मोटरसाइकिल एवं स्कूटर, 1 ई-रिक्शा, 1 टोटो, 1 महिंद्रा बोलेरो तथा 1 टाटा जेस्ट शामिल हैं।
ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत गठित टीम में सहायक पुलिस आयुक्त कैंट एवं प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट शिवाकांत मिश्रा की मौजूदगी में यह नीलामी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। नीलामी प्रक्रिया प्रातः 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली, जिसमें कुल 8 जीएसटी पंजीकृत बोलीदाताओं ने भाग लिया।
नीलामी में भाग लेने वाले बोलीदाताओं में अनुराग गुप्ता, शिशंकर गुप्ता, नवीन गुप्ता, फैयाज अहमद, अजय सिंह, अनिल यादव, संजय जायसवाल और विशाल जायसवाल शामिल रहे। सभी वाहनों की संयुक्त नीलामी में अजय सिंह द्वारा सर्वाधिक बोली लगाई गई, जिसके बाद 2 लाख 25 हजार रुपये प्लस 18 प्रतिशत जीएसटी की धनराशि जमा कराकर कुल 30 लावारिस वाहनों को नीलाम किया गया।
नीलामी के उपरांत शेष 7 बोलीदाताओं की सिक्योरिटी मनी नियमानुसार वापस कर दी गई है। नीलामी से संबंधित अग्रिम अभिलेखीय एवं वैधानिक कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5656


सबरंग