MENU

भीषण ठंड के बावजूद काशी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का ऐतिहासिक स्वागत, हर-हर महादेव से गूंज उठा नगर

अशोक मिश्र "क्लाउन" चीफ एडिटर

 08/Jan/26

कैथी से सर्किट हाउस तक शंखनाद, डमरू और ढोल-नगाड़ों के साथ उमड़ा जनसैलाब, भाजपा की संगठनात्मक ताकत का भव्य प्रदर्शन

वाराणसी, 07 जनवरी। नव निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम काशी आगमन पर अभूतपूर्व और ऐतिहासिक स्वागत देखने को मिला। भीषण ठंड और शीतलहर के बावजूद कैथी से लेकर सर्किट हाउस तक पूरे यात्रा मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ता पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ डटे रहे। शंखनाद, डमरू, ढोल-नगाड़ों और गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के बीच हर-हर महादेव के गगनभेदी उद्घोष से काशी का वातावरण भक्तिमय हो गया।

पूरे स्वागत मार्ग को भाजपा के झंडों, पताकाओं और सैकड़ों होर्डिंग्स से सजाया गया था। चौराहों और प्रमुख स्थानों पर लगे स्वागत संदेश संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के जोश को दर्शा रहे थे। ठंड, समय और दूरी की परवाह किए बिना कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि भाजपा का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में संगठन के साथ खड़ा है।

गाजीपुर सीमा से काशी क्षेत्र में प्रवेश करते ही भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल और राज्यसभा सांसद व काशी क्षेत्र प्रभारी अमरपाल मौर्य ने माल्यार्पण कर प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद कैथी में विधायक त्रिभूवन राम, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने जोरदार अगवानी की।

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सफेद रंग की गाड़ी के रूफ टॉप पर खड़े होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते रहे। उनके साथ भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल भी मौजूद रहे। चौबेपुर, संधाहा, आशापुर, पहड़िया, पांडेयपुर, पुलिस लाइन, कचहरी सहित विभिन्न चौराहों पर मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों ने पुष्पमालाओं के साथ स्वागत किया।

जैसे-जैसे काफिला वाराणसी महानगर की सीमा में प्रवेश करता गया, स्वागत और अधिक भव्य होता चला गया। महापौर, राज्यमंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने भाजपा की मजबूत संगठनात्मक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।

अंत में सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। काशी में हुआ यह ऐतिहासिक स्वागत न केवल प्रदेश अध्यक्ष के प्रति सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि यह भी साबित कर गया कि भाजपा का संगठन हर चुनौती के बीच एकजुट और सशक्त है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

5333


सबरंग