MENU

नव निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम काशी आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी, 10 स्वागत प्वाइंट बनाए गए



 06/Jan/26

वाराणसी, 6 जनवरी। नव निर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के 7 जनवरी को प्रथम काशी आगमन को लेकर भाजपा संगठन ने भव्य और ऐतिहासिक स्वागत की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में रोहनियां स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर स्वागत एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम काशी आगमन पर काशी की गरिमा, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गाजीपुर से सड़क मार्ग द्वारा सायं लगभग 5 बजे वाराणसी की सीमा में प्रवेश करेंगे।

दिलीप पटेल ने जानकारी दी कि कैथी से लेकर सर्किट हाउस तक कुल 10 स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं। इन सभी स्वागत स्थलों पर भाजपा कार्यकर्ता गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़े, डमरू दल, शंखध्वनि, पुष्प वर्षा एवं हर-हर महादेवके उद्घोष के साथ प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत करेंगे। यात्रा मार्ग को भगवा झंडों और पार्टी पटकों से सजाया जा रहा है, वहीं पूरे शहर में स्वागत के लिए सैकड़ों की संख्या में छोटी-बड़ी होर्डिंग्स भी लगाई जा रही हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा ने बताया कि वाराणसी जिले में चार स्वागत प्वाइंट बनाए गए हैं, जिनमें कैथी, चौबेपुर चौराहा, सन्दाहा चौराहा एवं आशापुर चौराहा शामिल हैं। इन स्थानों पर जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन पारंपरिक तरीके से प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करेंगे।

वहीं भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि वाराणसी महानगर क्षेत्र में छह स्वागत प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। ये स्वागत प्वाइंट आशापुर फ्लाईओवर के नीचे, पहड़िया चौराहा, पाण्डेयपुर स्थित काली मंदिर, पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी चौराहा एवं सर्किट हाउस पर बनाए गए हैं। इन सभी स्थानों पर महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी तथा विभिन्न मोर्चों के कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों और पुष्प वर्षा के साथ प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत करेंगे।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने स्वागत कार्यक्रम को ऐतिहासिक, भव्य और अनुशासित बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में क्षेत्र महामंत्री अशोक चौरसिया, क्षेत्र मंत्री राजेश राजभर, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव, श्रीप्रकाश शुक्ला, सुरेश सिंह, मधुकर पांडेय, प्रवीण सिंह गौतम, शैलेश पांडेय, अरविंद पटेल, संतोष सोलापुरकर, सुरेन्द्र पटेल, शिवानंद राय, संदीप केशरी, सिद्धार्थ मौर्या, अश्वनी पांडेय सहित अनेक पदाधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

4193


सबरंग