जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने हरसोस स्थित जीडी फिलिंग स्टेशन पर पहले कमर्शियल इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन का किया उद्घाटन
वाराणसी। जनपद में 'ग्रीन मोबिलिटी' की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए, हरसोस स्थित इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट M/s G.D. Filling Station पर जनपद के प्रथम कमर्शियल इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन (EVCS) का उद्घाटन जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार द्वारा किया गया।
जिलाधिकारी ने रिबन काटकर चार्जिंग स्टेशन का औपचारिक शुभारंभ किया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आउटलेट परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। जिलाधिकारी ने इस पहल में गहरी रुचि दिखाते हुए फास्ट ईवी चार्जिंग स्टेशन (Fast EVCS) की बारीकियों और इसकी कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि वाराणसी में इस प्रकार के इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार समय की मांग है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम जनता की सुविधा और पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए पूरे जनपद में ऐसे ईवी चार्जिंग स्टेशनों की आवश्यकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वाराणसी को स्मार्ट और स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना अनिवार्य है। हरसोस में शुरू हुआ यह कमर्शियल चार्जिंग स्टेशन स्थानीय निवासियों और यात्रियों के लिए अत्यंत सुविधाजनक सिद्ध होगा। हम आने वाले समय में जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे और अधिक स्टेशन स्थापित करने पर ध्यान केंद्रित करें।
इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने बताया कि यह चार्जिंग स्टेशन आधुनिक तकनीक से लैस है, जो कम समय में वाहनों को चार्ज करने में सक्षम है, जिससे ग्राहकों के समय की बचत होगी।
इस अवसर पर इंडियन ऑयल वाराणसी मंडल कार्यालय के मंडल रिटेल बिक्री प्रमुख राजेश कुमार, पुनीत प्रताप( बिक्री प्रबंधक), मयंक शर्मा( बिक्री प्रबंधक) एवम जी.डी. फिलिंग स्टेशन के अधिष्ठाता राकेश मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वाराणसी पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद सिंह जी एवं महामंत्री महेंद्र जी के साथ वाराणसी के कई इंडियन ऑयल डीलर भी मौजूद थे।
इस अवसर पर इंडियन ऑयल वाराणसी मंडल कार्यालय के सभी अधिकारी और इंजीनियर उपस्थित रहे।