MENU

बनारस रेल इंजन कारखाना में 63वें नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड वार्षिक दिवस-2025 का भव्य आयोजन



 08/Dec/25

बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में 63वें नागरिक सुरक्षा एवं होमगार्ड वार्षिक दिवस के अवसर पर बरेका खेलकूद स्टेडियम में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें बरेका नागरिक सुरक्षा संगठन के साथ ही दक्षिण मध्य रेलवे नागरिक सुरक्षा संगठन की टीम ने संयुक्त रूप से शानदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर बरेका स्टेडियम में आपातकालीन परिस्थितियों में किए जाने वाले राहत और बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन ने उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों को काफी प्रभावित किया।

सर्वप्रथम नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा सागर ने कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बरेका महाप्रबंधक श्री सोमेश कुमार को पौधा भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। स्वागत संबोधन के उपरांत महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम के अगली कड़ी में महाप्रबंधक ने परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में परेड कमांडर के नेतृत्व में किया गया भव्य मार्च पास्ट ने कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

इस अवसर पर नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा सागर ने महामहिम राष्ट्रपति महोदया का संदेश पढ़ा तथा नागरिक सुरक्षा अधिकारी शिवम वर्मा एवं उप सचिव, दक्षिण मध्य रेलवे के.एल.एन. स्वामी ने क्रमशः प्रधानमंत्री महोदय एवं डीजीसीडी का संदेश पढ़ा। सहायक नागरिक सुरक्षा अधिकारी राजीव रंजन कुमार ने बरेका नागरिक सुरक्षा संगठन की वार्षिक रिपोर्ट का वाचन किया। तत्पश्चात् कार्यक्रम में फ्लैग लोवरिंग एवं कैंप फायर का अद्भुत दृश्य देख उपस्थित सभी लोग रोमांचित हो उठे।

बरेका महाप्रबंधक सोमेश कुमार ने अपने संबोधन में नागरिक सुरक्षा संगठन की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि "भारतीय रेल में बरेका नागरिक सुरक्षा संगठन ने अपनी सेवाओं से अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। कार्यशाला में आग लगने की घटनाओं पर नियंत्रण, घायलों को प्राथमिक उपचार और अग्निशमन यंत्रों का प्रशिक्षण में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। कोरोना महामारी के दौरान भी इस संगठन के सदस्यों ने अपनी जान की परवाह किए बिना कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए कोरोना रोगियों और उनके परिवारों की सहायता की। इसके अतिरिक्त बरेका परिसर में आयोजित हर छोटे-बड़े आयोजनों में सुरक्षा के समुचित प्रबंधन में बरेका नागरिक सुरक्षा संगठन का अतुल्य योगदान होता है।"

महाप्रबंधक ने बरेका नागरिक सुरक्षा संगठन के सदस्य सर्वश्री सुनील कुमार, के.डी.उपाध्याय, नीतेश गुप्ता, सुनील कुमार यादव और अखिलेश कुमार राय को उनके असाधारण योगदान के लिए पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आपातकालीन परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों का सजीव प्रदर्शन रहा। जिनमें मुख्य रूप से अग्निशमन तकनीक, घायलों को ऊंचाई से सुरक्षित उतारना, वर्टिकल रोप रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, स्ट्रेचर ड्रिल, फायरमैन लिफ्ट और टनल रेस्क्यू तकनीक का सटिक एवं जीवंत प्रदर्शन ने दर्शकों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। स्टाफ ऑफिसर सर्वश्री संतोष कुमार, प्रशिक्षक सुनील कुमार, उमेश श्रीवास्तव, बी.एस.पाण्डेय और अजय कुमार ने अपने अनुभव और कौशल से प्रदर्शन को प्रभावशाली बनाया।

इस आयोजन में प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्म चिकित्सा अधिकारी डॉ.देवेश कुमार, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, सदस्य कर्मचारी परिषद संजय कुमार, संतोष कुमार यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं दर्शकगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा, बरेका सागर एवं उप नियंत्रक, दक्षिण मध्य रेलवे के.एल.एन. स्वामी ने मुख्य अतिथि महाप्रबंधक सोमेश कुमार को स्मृति चिन्ह भेंट किया ।

कार्यक्रम का रोमांचपूर्ण संचालन वरिष्ठ निरीक्षक, नागरिक सुरक्षा संपूर्णानंद मिश्रा एवं सदस्य राकेश पाण्डेय तथा धन्यवाद ज्ञापन सहायक नागरिक सुरक्षा अधिकारी श्री प्रशांत दुबे ने किया।

 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2892


सबरंग