MENU

यूथ एशियन गेम्स 2025 में जैपुरिया बाबतपुर की ताइक्वांडो खिलाड़ी यश्विनी ने बहरीन में जीता कांस्य पदक



 29/Oct/25

वाराणसी। बहरीन की राजधानी मनामा में आयोजित यूथ एशियन गेम्स 2025 में सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस के बाबतपुर कैम्पस की छात्रा एवं युवा ताइक्वांडो खिलाड़ी यश्विनी सिंह ने कांस्य पदक जीतकर भारत और वाराणसी का नाम रोशन किया। काशी की यश्विनी सिंह ने अपने साथी खिलाड़ी शिवाय पटेल के साथ युगल स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व किया। सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय जोड़ी ने थाईलैंड की टीम को कड़ी टक्कर दी। थाईलैंड की टीम को 8.52 अंक प्राप्त हुए, जबकि भारतीय जोड़ी ने 8.20 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। अपने गृह नगर वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज प्रात: 9 बजे पहुंचने पर छात्रा यश्विनी सिंह का भव्य स्वागत किया गया। परिवार, स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, खेल प्रेमियों और नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

इस विशेष अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन दीपक कुमार बजाज ने एयरपोर्ट पहुंचकर फूलों का गुलदस्ता देकर यश्विनी व उसके अभिभावकों का सम्मान किया तथा मिठाई खिलाकर बधाई दी। साथ ही अश्विनी के कोच चंद्रभान सर को इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाईयां दी गई। इस अवसर पर दीपक कुमार बजाज ने अपने संदेश में कहा कि भारत के युवाओं  में असीम प्रतिभा है और हम सबको मिलकर इनका प्रोत्साहन करना होगा। भारतीय खिलाड़ियों में विश्व स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने की क्षमता है।

अपनी बेटी की इस बड़ी सफलता पर पिता रामनरेश सिंह एवं माता अंशु सिंह ने गर्व व्यक्त किया और कहा कि यश्विनी की मेहनत ने पूरे परिवार, गांव पुआरी कलां (प्रेमनगर) व विद्यालय व शहर का नाम बढ़ाया है। उन्होनें आशा व्यक्त की कि सरकार द्वारा खेलों के विकास और प्रशिक्षण के लिए अधिक बेहतर संसाधन व कोच उपलब्ध कराये जाएंगे।

यह प्रतियोगिता बहरीन में 22 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है, जिसमें भारत की ओर से विभिन्न खेलों में 222 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, अधिशासी निदेशक श्यामसुंदर बजाज, निदेशक अनिल के. जाजोदिया व प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने भी यश्विनी को बधाई दी और उसके उज्जवल भविष्य की कामना की।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1440


सबरंग