वाराणसी। सेठ एम.आर. जैपुरिया स्कूल्स बनारस, बाबतपुर कैम्पस में दीपावली उत्सव अत्यंत उल्लास और आध्यात्मिक भाव से सम्पन्न हुआ। इस वर्ष का उत्सव विशेष रहा "भारत, संस्कार, संस्कृति और संस्कृत" थीम पर आधारित इस आयोजन में विद्यालय ने दीपावली को केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय चिंतन, कला, शिक्षा और जीवन मूल्यों का उत्सव बना दिया। प्रधानाचार्या सुधा सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम की प्रारम्भिक विधियों में मंगलाचरण और दीप प्रज्ज्वलन शामिल रही। छात्रों को दीपावली के वैज्ञानिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पक्ष के साथ ही "अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने" के सही तथ्य से भी परिचित कराया गया।
छात्र–छात्राओं ने राम के जीवन चरित्र एवं अयोध्या आगमन का शानदार मंचन किया। जिसमें बच्चों ने राम जन्म से लेकर अयोध्या तक की पूरी यात्रा को अठ्ठारह विभिन्न चरणों में लघु नाटिकाओं के माध्यम से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम में एक विशेष पैनल चर्चा भी आयोजित की गई जिसका विषय था "राम के जीवन मूल्य और आधुनिक शिक्षा में उनका समावेश"। इस चर्चा में शिक्षकों और छात्रों ने बताया कि कैसे रामायण के आदर्श गणित, विज्ञान, समाजशास्त्र, साहित्य और संस्कृत जैसे विषयों में निहित हैं गणित में मर्यादा और संतुलन का सिद्धांत,विज्ञान में प्रकाश और ऊर्जा का संदेश, समाजशास्त्र में सहयोग और उत्तरदायित्व की भावना और संस्कृत में छुपी शुद्ध विचारों की ताकत।
विद्यालय की नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों को उनकी कक्षा के अनुसार विशेष विषय दिए गए हैं, जिसमें मंडना (राजस्थान), अल्पना (बंगाल), गोंड (मध्य प्रदेश), वर्ली (महाराष्ट्र), मधुबनी (बिहार), कोलम (तमिलनाडु), पट्टचित्र (ओडिशा), कलमकारी (आंध्र प्रदेश), पूकालम (केरल), भील (छत्तीसगढ़), मुग्गु (कर्नाटक), सोहराय (झारखंड) और पहाड़ी कला (हिमाचल प्रदेश) जैसी विविध भारतीय कला शैलियोँ पर प्रमुख रुप से विभिन्न रंगो से बनी रंगोलियों को सुंदर स्वरुप दिया गया।
चेयरमैन दीपक कुमार बजाज ने अपने संदेश में कहा कि "दीपावली सिर्फ रोशनी का त्योहार नहीं, यह मन के अंधकार को दूर करने और ज्ञान के दीप जलाने का प्रतीक है। हमें भारत की संस्कृति और संस्कारों को संजोकर रखना है, क्योंकि यही हमारे चरित्र और राष्ट्र की पहचान हैं।
कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, अधिशासी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक अनिल के. जाजोदिया एवं शैक्षणिक प्रबंधक नरेंद्र पाण्डेय सहित सभी शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।