वाराणसी नगर निगम की ओर से विसर्जन के लिए एक कृत्रिम कुंड जलकल परिसर में तैयार किया गया है। इसके अलावा एक कृत्रिम कुंड विश्वसुंदरी पुल के पास बनाया गया है। यहां मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। इन दो कुंडों के अलावा नगर निगम ने अभी स्पष्ट नहीं किया है कि विसर्जन कहां होगा। इस लिहाज से दो कुंड के भरोसे 512 प्रतिमाओं का विसर्जन है।
नवरात्र में काशी में बड़ी छोटी 512 प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। शहर में कई पंडालों में बड़ी-बड़ी प्रतिभाएं रखी जाएंगी। इस लिहाज से केवल दो कुंडों में प्रतिमाओं के विसर्जन में काफी मुश्किल होगी। उधर, निगम ने शहर के प्राचीन कुंडों को सुरक्षित रखने के लिए तालाबों और कुंडों में प्रतिमा विसर्जन न करने की अपील की। साथ ही जनता से विसर्जन के वैकल्पिक सुझाव मांगे थे।
कई लोगों ने सुझाव भी भेजे लेकिन इस पर निगम ने कोई फैसला नहीं लिया है। निगम के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के कुछ कुंडों के आसपास विसर्जन की व्यवस्था बनाने की तैयारी चल रही है। जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।