MENU

जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं जिला श्रम बंधु की बैठक संपन्न



 22/Aug/25

जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति एवं जिला श्रम बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में निवेश कर रहे उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उनके त्वरित निस्तारण हेतु ठोस निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि औद्योगिक विकास से संबंधित किसी भी फाइल या समस्या के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कुछ प्रमुख सकारात्मक निर्णय लिये गये।

  • बड़े निवेश प्रस्तावों को गति:                                                                                                                                                                 बैठक में बताया गया कि मेसर्स अपोलो सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा मानचित्र स्वीकृति हेतु 20 अगस्त 2025 को पुनः आवेदन किया गया है। जिलाधिकारी ने वाराणसी विकास प्राधिकरण को निर्देशित किया कि यह उच्च निवेश परियोजना है, अतः इसका मानचित्र दो कार्य दिवस के भीतर स्वीकृत किया जाए। मेसर्स गजाधर टेक्नोसिस एलएलपी एवं इथोरिका इथेनॉल प्रा० लि० से संबंधित भूमि विनिमय के मामलों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया। मेसर्स माधवन लॉजिस्टिक एलएलपी के प्रकरण में जिलाधिकारी द्वारा दिए गए सुझाव के अनुसार निवेशक ने भूधारकों एवं पट्टाधारकों के नाम के साथ धारा-80 के लिए पुनः आवेदन किया है, जिसे शीघ्र निस्तारित कराने के निर्देश दिए गए।
  • औद्योगिक अवसंरचना का सुदृढीकरण:                                                                                                                                                      औद्योगिक आस्थान चांदपुर एवं महेशपुर में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नियमित पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगामी सप्ताह में किए जाने का निर्णय लिया गया। जलनिकासी की समस्या के समाधान हेतु लोक निर्माण विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त नाली की सफाई कराकर उसे अतिक्रमण मुक्त रखने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग द्वारा औद्योगिक फीडरों की ट्रिपिंग कम करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है तथा विद्युत आपूर्ति में सुधार हेतु उद्यमियों से सहयोग की अपेक्षा की गई।
  • भविष्य के निवेश हेतु भूमि की उपलब्धता:                                                                                                                                    जिलाधिकारी ने आगामी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC-5) को ध्यान में रखते हुए जनपद में उपलब्ध लैंड बैंक के डेटा को तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए, ताकि नए निवेशकों को भूमि आवंटन में कोई कठिनाई न हो। बुनकरों की विद्युत संबंधी समस्याओं के निस्तारण हेतु सभी विद्युत खंडों को नियमित बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

जिला श्रम बंधु की बैठक में निर्माण श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के हित में संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। श्रम विभाग द्वारा विभिन्न अधिनियमों के अंतर्गत पंजीयन एवं लाइसेंस "निवेश मित्र" पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त किए जा सकते हैं। निर्माण कार्यों से संबंधित संस्थाओं को अधिष्ठान पंजीयन एवं सेस जमा कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में श्रमिक संगठनों एवं नियोजकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों से कहा कि वे एक सहयोगी और सक्रिय दृष्टिकोण के साथ कार्य करें ताकि वाराणसी को उत्तर प्रदेश के एक प्रमुख औद्योगिक और निवेश गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सदर मोहन कुमार शर्मा, उपायुक्त उद्योग अविनाश चंद्र त्रिपाठी, सहायक श्रम आयुक्त सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित थे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

8706


सबरंग