MENU

भाजपा 24 मई को निकालेगी भारत शौर्य तिरंगा यात्रा, सेना की वीरता को समर्पित होगी तिरंगा यात्रा : दिलीप पटेल



 22/May/25

काशी विद्यापीठ से यात्रा होगी प्रारम्भ, सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान पर होगा समापन 

भारतीय जनता पार्टी द्वारा पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकी ठिकानों पर हाल ही में सफलतापूर्वक अंजाम दिए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को राष्ट्र की वीरता, सेना के शौर्य और सरकार की निर्णायक नेतृत्व क्षमता का प्रतीक मानते हुए आगामी 24 मई को वाराणसी लोकसभा स्तर पर भारत शौर्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा भारतीय सेना के पराक्रम को सम्मान देने और देशवासियों के मन में राष्ट्र गौरव की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।

इस आयोजन की रूपरेखा तय करने हेतु मंगलवार को भाजपा  जिला कार्यालय रोहनिया एवं महानगर कार्यालय गुलाब बाग में अलग-अलग बैठकें सम्पन्न हुईं। इन बैठकों में जिला एवं महानगर के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पार्षद, पूर्व पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बैठकों को संबोधित करते हुए बताया कि यह विशाल भारत शौर्य तिरंगा यात्रा 24 मई को सायं 4 बजे विद्यापीठ गेट नंबर 2 से प्रारंभ होकर गेट नंबर 3 से निकलेगी तथा सरदार पटेल चौराहा, मलदहिया, लहुराबीर होते हुए संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान पर जाकर संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा भारतीय सेना की बहादुरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ नेतृत्व को समर्पित होगी, जिसकी बदौलत ऑपरेशन सिंदूर जैसी साहसिक कार्यवाही संभव हो सकी।

दिलीप पटेल ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता इस सफलता से गौरवांवित है और यह अवसर सेना को सलाम करने का है। उन्होंने सभी वर्गों — विशेषकर युवाओं, छात्रों, डॉक्टरों, शिक्षकों, किसानों, खिलाड़ियों, अधिवक्ताओं, प्रबुद्ध जनों एवं आम नागरिकों — से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा में भाग लें और राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करें। 

महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि सभी मंडलों में 22 मई को बड़ी बैठकें आयोजित होंगी ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओ एवं आमजन की यात्रा में सहभागिता सुनिश्चित की जा सके! उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ता अनुशासनपूर्वक यात्रा के पीछे चलेंगे और पूरी गरिमा के साथ आयोजन को सफल बनाएंगे।

जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि पाकिस्तान ने भारत की शांति व्यवस्था को बाधित करने की जो साजिश रची, उसे सेना ने अपने पराक्रम से विफल कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत अब आतंकवाद के विरुद्ध हर मोर्चे पर मजबूती से खड़ा है और देश की रक्षा में कोई समझौता नहीं करेगा।

बैठक का संचालन जगदीश त्रिपाठी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन नवीन कपूर द्वारा प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर, मृदुला जायसवाल, राकेश शर्मा, सुदामा पटेल, राजेश राजभर,नवरतन राठी, जगदीश त्रिपाठी,  आत्मा विश्वेश्वर, आलोक श्रीवास्तव, साधना वेदांती, डॉ. गीता शास्त्री, मधुकर चित्रांश, इंजीनियर अशोक यादव, एडवोकेट अशोक जाटव, अभिषेक मिश्रा, नरसिंह दास, चंद्रशेखर उपाध्याय, विनोद गुप्ता, अशोक पांडेय, नवीन कपूर, अशोक पटेल, राहुल सिंह, रवि शंकर सिंह,किशोर सेठ, डॉ. अनुपम गुप्ता, नीरज जायसवाल, दिलीप साहनी, किशन कनौजिया, डॉ. हरि केसरी, मधुप सिंह, डॉ. रचना अग्रवाल, महेंद्र सिंह गौतम, रजत जायसवाल, योगेश सिंह पिंकू, अनुप जायसवाल, अभिनव पांडेय सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री आदि मुख्य रुप से उपस्थित रहे।
 


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

2941


सबरंग