MENU

समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश



 30/Apr/22

विद्युत कटौती किसी भी दशा में नही होनी चाहिये

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वाराणसी मंडल के प्रभारी बृजेश पाठक ने शुक्रवार को मंडलीय अनुश्रवण कक्ष में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। नलकूप विभाग की समीक्षा के दौरान सभी 57 नलकूपों का संचालन सुचारू रूप से होने की जानकारी पर उन्होंने बैठक के दौरान क्षेत्रीय ग्राम प्रधान से मोबाइल पर वार्ता कर संचालन के संबंध में फिजिकल वेरिफिकेशन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी नलकूप किसी भी दशा में बंद न रहने पाए और यदि कोई भी नलकूप खराब होने की सूचना मिले तो उसकी मरम्मत 1 दिन के अंदर हर हालत में सुनिश्चित कराया जाए। नहरो के टेल तक पानी पहुंचने की भी जानकारी उन्होंने विभागीय अभियंताओं से की और निर्देशित किया कि नहरों का संचालन सुचारू रूप से सुनिश्चित कराया जाए और प्रत्येक दशा में लहरों के टेल तक पानी पहुंचे। नहरों में सिल्ट कतई जमा नहीं होना चाहिए।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वाराणसी मंडल के प्रभारी बृजेश पाठक ने संभावित बाढ़ से बचाव की तैयारियों एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के संबंध में जानकारी की। उन्होंने आबकारी अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जहरीली शराब की कोई भी घटना कतई मंडल के जनपद में नहीं होनी चाहिए। संभावित क्षेत्रों में इसकी व्यापक स्तर पर जांच पड़ताल सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए उन्होंने कमिश्नर दीपक अग्रवाल को भी इस पर पैनी नजर रखे जाने हेतु विशेष जोर दिया। विधुत आपूर्ति के बाबत जानकारी के दौरान उन्होंने विभागीय अभियंता को निर्देशित किया कि विद्युत कटौती किसी भी दशा में नही होनी चाहिये और खराबी की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल उसे ठीक कराया जाए। ओवर बिलिंग की शिकायत नहीं होनी चाहिए। लोक निर्माण विभाग के अभियंता से सड़कों की गड्ढा मुक्ति के प्रगति के संबंध में पूछे जाने पर बताया गया कि 227 सड़के चिन्हित है, जिन्हें 15 जून तक पूर्ण करा लिए जाएंगे। उन्होंने नगर की सड़कों को दुरुस्त कराए जाने हेतु नगर आयुक्त को निर्देशित किया। निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों के संबंध में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से जानकारी दिए जाने के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि कोई भी निराश्रित गोवंश सड़कों पर दिखना नहीं चाहिए। ऐसे निराश्रित गोवंश को आश्रय स्थलों में सुचारू तरीके से रखा जाए। निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों पर छाया की व्यवस्था के साथ-साथ चारा एवं पीने के लिए पानी सहित आवश्यकतानुसार पशुओं के दवाओं की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही कतई न बरती जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सालय में डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की यदि प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कराए जाने के साथ-साथ मरीजों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराए जाने का निर्देश दिया। अस्पताल में कोई भी जांच की मशीन खराब नहीं जानी चाहिए। अस्पतालों में पर्याप्त साफ सफाई के साथ-साथ तीमारदारों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। महिलाओं, दिव्यांग जनों एवं सीनियर सिटीजन के लिए पर्ची काउंटर प्रथक से बनाए जाने पर विशेष जोर दिया। टीवी के मरीजों को चिन्हित किए जाने का भी निर्देश दिया। उपमुख्यमंत्री ने गांव में स्वच्छता एवं साफ-सफाई पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि गाँव मे तैनात सफाई कर्मियों की उपस्थिति उनके कार्यस्थल पर निश्चित कराई जाए। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि गांव में नियुक्त सफाई कर्मी व अन्यत्र सेवारत नहीं होनी चाहिए। गेहूं क्रय केंद्र के बारे में बताया गया कि 34 गेहूं क्रय केंद्र खोले गए हैं, बाजार मूल्य 1950/- के सापेक्ष शासन के निर्धारित मूल्य 2015/- प्रति कुंतल की दर से खरीदे जा रहे हैं। वृक्षारोपण अभियान की समीक्षा के दौरान उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि पूर्व में लगाए गए पौधों की वर्तमान स्थिति का स्थलीय सत्यापन करा दें तथा पौधारोपण होने वाले अभियान के दौरान 10-10 पौधों को लोगों को गोद दे। जिससे रोपित पौधों को अधिक से अधिक संख्या में बचाया जा सके। प्रत्येक विकास खंड में दो-दो दुग्ध समितियां बनाए जाने का उन्होंने निर्देश देते हुए इसकी कमान महिलाओं के हाथ में दिए जाने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुना करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

बैठक में उन्होंने मिशन काया कल्प, स्कूल चलो अभियान, निराश्रित एवं विधवा पेंशन, सुमंगला योजना, सामुदायिक शौचालय, टीकाकरण, भू माफियाओं के विरुद्ध किए जाने वाले कार्यों के प्रगति आदि की भी विस्तार से समीक्षा कर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री बलदेव सिंह औलख, अध्यक्ष जिला पंचायत पूनम मौर्या, महापौर मृदुला जायसवाल, विधायक डॉ.अवधेश सिंह, विधायक त्रिभुवन राम, कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक गोयल सहित अन्य विभागीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

3946


सबरंग