MENU

सितार पर राग मियां मल्हार की मनोहारी प्रस्तुति से रससिक्त हुआ सभागार



 15/Sep/26

षष्ठ दिवसीय गायन, वादन एवं नृत्य कार्यशाला के तीसरे दिन डॉ. गोपाल कृष्ण शाह ने दी प्रस्तुति

वाराणसी। महिला महाविद्यालय के संगोष्ठी कक्ष में आयोजित षष्ठ दिवसीय गायन, वादन एवं नृत्य कार्यशाला के तृतीय दिवस के दूसरे सत्र में सितार वादन की मनोहारी प्रस्तुति हुई। नई दिल्ली से पधारे विधा विशेषज्ञ डॉ. गोपाल कृष्ण शाह ने सितार पर राग मियां मल्हार की अवतारणा की।

डॉ. गोपाल कृष्ण शाह ने सितार पर आलाप, विलंबित, द्रुत गत और झाला प्रस्तुत किया। वर्षा की फुहारों के बीच राग मियां मल्हार में स्वर, लयकारी, रस-भाव और रागदारी से युक्त उनके वादन ने सभागार में मौजूद श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति के दौरान राग की भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने वातावरण को संगीतमय बना दिया।

सितार वादन में पंडित ललित कुमार ने तबले पर सधी हुई संगति प्रदान की। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया और श्रोताओं ने प्रस्तुति का आनंद लिया।

प्राचार्या ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रीता सिंह ने महामना मालवीय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर सभागार में प्रो. राजेश शाह, डॉ. अंजलि शर्मा, डॉ. शोभित कुमार नाहर, डॉ. सतीश कुमार सहित कार्यशाला से जुड़े शोधार्थी, छात्र एवं छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को गायन, वादन एवं नृत्य की विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिल रहा है।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

7996


सबरंग