MENU

चंदौली में आयुष डॉक्टरों ने मानदेय विसंगति दूर करने को सौंपा ज्ञापन, 21 सितंबर को प्रदर्शन की चेतावनी



 15/Sep/26

MBBS डॉक्टरों का मानदेय 1 लाख रुपये तक पहुंचने का दावा, आयुष डॉक्टरों को मिल रहे 32 हजार; 20 सितंबर तक मांग पूरी करने की अपील

चंदौली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, उत्तर प्रदेश के तहत कार्यरत आयुष डॉक्टरों ने मानदेय में कथित विसंगति दूर करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। डॉक्टरों ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में करीब 4,000 आयुष डॉक्टर लंबे समय से मेनस्ट्रीम और आरबीएसके के तहत स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं।

डॉ. श्री प्रकाश त्यागी ने बताया कि वर्ष 2009-10 और 2010-11 में आयुष डॉक्टरों और एमबीबीएस डॉक्टरों का मासिक मानदेय 24,000 रुपये था। उनके अनुसार वर्तमान में एमबीबीएस डॉक्टरों का मूल मानदेय बढ़कर करीब 1 लाख रुपये प्रति माह तक पहुंच गया है, जबकि आयुष डॉक्टरों का मूल मानदेय अभी 32,000 रुपये प्रति माह है।

उन्होंने कहा कि समान परिस्थितियों में नियुक्त डॉक्टरों के मानदेय में इतना अंतर गंभीर और चिंताजनक है। आयुष डॉक्टर भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लक्ष्यों को पूरा करने में लगातार योगदान दे रहे हैं। ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

20 सितंबर तक फैसला लेने की मांग

आयुष डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री से प्रदेश के करीब 4,000 आयुष डॉक्टरों के हित में मानदेय विसंगति दूर करने के लिए 20 सितंबर 2026 तक सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।

21 सितंबर को लखनऊ में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की चेतावनी

डॉक्टरों ने कहा कि यदि 20 सितंबर तक उनकी मांग पर निर्णय नहीं लिया गया, तो 21 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे प्रदेशभर के आयुष डॉक्टर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, जो उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री हैं, के आवास पर एकत्र होकर अपनी मांगों के समर्थन में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करेंगे।

डॉक्टरों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री आयुष डॉक्टरों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए मानदेय की विसंगति दूर करेंगे।

ज्ञापन देने वालों में डॉ. श्री प्रकाश त्यागी, डॉ. अवनीश कुमार सिंह, डॉ. दीपक चतुर्वेदी, डॉ. आशुतोष कुमार सिंह, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अनिल कुमार सिंह, डॉ. रजनीश सिंह, डॉ. आशीफ जमाल, डॉ. कुसुम विश्वकर्मा, डॉ. सोनम राय, डॉ. गोपाल मिश्रा, डॉ. संजय कुमार सिंह, डॉ. विमलेश श्रीवास्तव, डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव और डॉ. प्रवीण कुमार सिंह (बरहनी ब्लॉक) समेत जिले के बड़ी संख्या में आयुष डॉक्टर मौजूद रहे।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

1943


सबरंग