प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। 17 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलने वाली यह यात्रा वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर, दोनों दिशाओं में निकलेगी। यात्रा में देशभर से 1,000 से अधिक युवा सेवा यात्री शामिल होंगे।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने सोमवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि यह केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन युवाओं के लिए सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना की प्रेरणादायी यात्रा है।
डॉ. जोशी ने बताया कि यात्रा 20 अलग-अलग मार्गों से होकर गुजरेगी। इन मार्गों का नाम भारत की पवित्र नदियों के नाम पर रखा गया है। दोनों दिशाओं में चलने वाली यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी।
तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार और पूर्वोत्तर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से युवा इसमें शामिल होंगे। अलग-अलग भाषाओं, क्षेत्रों और संस्कृतियों से आने वाले युवाओं को सेवा के साझा संकल्प के साथ जोड़कर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
यात्रा के दौरान प्रत्येक पड़ाव को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। करीब 25 प्रकार की गतिविधियों में वृक्षारोपण एवं सेवा वाटिका, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, साधु-संत सम्मान, सफाई कर्मचारियों का सम्मान, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जागरूकता सहित विभिन्न कार्यक्रम शामिल होंगे।
डॉ. जोशी ने कहा कि यात्रा का संदेश है—“स्वागत फूल-मालाओं से नहीं, सेवा और स्वच्छता से होगा।” इसी उद्देश्य से ‘स्वच्छता से स्वागत’ पहल शुरू की गई है। इसके तहत सेवा यात्रियों के किसी स्थान पर पहुंचने से दो दिन पहले स्थानीय भाजयुमो कार्यकर्ताओं की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
यात्रा में सांस्कृतिक एकता और आस्था का संदेश देने के लिए पवित्र नदियों के जल को भी प्रतीक बनाया गया है। वडनगर से वाराणसी आने वाले सेवा यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। वहीं वाराणसी से वडनगर जाने वाले सेवा यात्री उत्तर प्रदेश की पवित्र नदियों का जल लेकर वडनगर के श्री हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।
डॉ. जोशी ने कहा कि भारत की नदियां देश की सभ्यता, संस्कृति और आस्था की जीवनधारा हैं। नदियों के जल को यात्रा से जोड़कर सांस्कृतिक एकता और सेवा के साझा संकल्प को अभिव्यक्त किया गया है।
डॉ. हेमांग जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन से यह संदेश मिलता है कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज की सेवा और राष्ट्र निर्माण है। ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ इसी विचार को देश के युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवा शक्ति की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। भाजयुमो का प्रयास है कि युवा सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों से आए युवा जब सेवा के साझा संकल्प के साथ यात्रा करेंगे तो इससे युवाओं के बीच संपर्क मजबूत होने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों से उनका सीधा जुड़ाव भी बढ़ेगा।
पत्रकार वार्ता के अंत में यात्रा के दौरान सेवा यात्रियों और अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों द्वारा पहनी जाने वाली विशेष अभियान टी-शर्ट लॉन्च की गई।
पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौड़, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा, भाजयुमो राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अमनदीप सिंह, काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।