नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने रविवार को सर्किट हाउस, वाराणसी में नगर निगम, जल निगम और ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जलभराव, जल निकासी, साफ-सफाई और विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री ए.के. शर्मा ने जलभराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव से निपटने के लिए युद्धस्तर पर कार्य किया जाए और जहां जल निकासी के लिए नई परियोजनाओं की आवश्यकता है, वहां जल्द अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के साथ भविष्य में जलभराव की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार करने को कहा। मंत्री ने जल निकासी मार्गों में अवरोध उत्पन्न किए जाने की घटनाओं पर चिंता जताते हुए ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि विद्वेषवश गिट्टी की बोरियां या अन्य सामग्री डालकर पानी के निकास को बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जल निकासी मार्गों की नियमित निगरानी करने और किसी भी तरह का अवरोध मिलने पर उसे तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने विद्युत आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने के साथ जर्जर एवं लटके हुए विद्युत तारों को तुरंत दुरुस्त कराने को कहा।
उन्होंने विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और विद्युत व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
ए.के. शर्मा ने जलभराव, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और अन्य जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने और समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इससे पहले मंत्री ए.के. शर्मा ने देर रात जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया था। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर काम करने और नागरिकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए थे।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में सफाई मित्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है तथा उनके सम्मान और सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के एमडी संदीप कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।