गोलघर, मैदागिन स्थित पराड़कर स्मृति भवन में रविवार को राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी महासंघ की ओर से भाजपा काशी क्षेत्र के नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया समेत नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत और सम्मान किया गया।
समारोह में भाजपा काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष नवरतन राठी, अनिल श्रीवास्तव और अमित राय, क्षेत्र मंत्री जगदीश त्रिपाठी, क्षेत्र विभाग एवं प्रकोष्ठ प्रभारी उत्तम ओझा, क्षेत्र कार्यसमिति सदस्य अनिल गुप्ता तथा सीए प्रमोद सिंह को पुष्पगुच्छ, पटका और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में काशी के विभिन्न क्षेत्रों से आए फेरी-पटरी एवं ठेला व्यवसायी महासंघ से जुड़े प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने स्ट्रीट वेंडर्स की समस्याओं और चुनौतियों पर चर्चा करते हुए कहा कि फेरी-पटरी व्यवसायियों को समस्या के तौर पर नहीं, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में देखा जाना चाहिए। शहर को व्यवस्थित रखने के साथ उनके रोजगार और आजीविका के अधिकारों का संरक्षण भी जरूरी है।
भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेहड़ी, पटरी और ठेला व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए पीएम स्वनिधि योजना शुरू की। उन्होंने कहा कि योजना के तहत बिना गारंटी 15 हजार, 25 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक ऋण की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने स्ट्रीट वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड की सुविधा उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया।
अशोक चौरसिया ने कहा कि वेंडिंग जोन के माध्यम से पक्की दुकानों की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाज के बड़े वर्ग के सामर्थ्य को बढ़ाने का काम किया है। केंद्र सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर युवा, महिला, किसान सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान और अंतिम व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत है।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय फेरी-पटरी एवं ठेला व्यवसायियों तथा संगठन से जुड़े महिला-पुरुष प्रतिनिधियों को उनके योगदान के लिए अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित व्यवसायियों ने कहा कि उनके श्रम और संघर्ष को सार्वजनिक मंच पर सम्मान मिलना गौरव की बात है।
इस अवसर पर राष्ट्र के प्रथम स्वच्छता शहीद स्व. प्रमोद कुमार निगम की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनूप कुमार श्रीवास्तव ने की। संयोजक डॉ. गौरव प्रकाश, स्वागताध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार और सविता सिंह रहे। धन्यवाद ज्ञापन मनोज कुमार ने किया, जबकि संचालन महासचिव अभिषेक निगम ने किया।