वाराणसी। मंडुवाडीह थाना पुलिस ने दुकान में घुसकर चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 170 पैकेट सिगरेट और 3,000 रुपये नकद बरामद किए हैं। कार्रवाई ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मुखबिर की सूचना पर की गई।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को दुकान से सिगरेट, चॉकलेट और नकदी चोरी होने के संबंध में वादी ने थाना मंडुवाडीह में प्रार्थना पत्र दिया था। शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 321/2026, धारा 305ए, 331(4), 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने राजू राजभर (19) पुत्र लोहा राजभर को 13 सितंबर को दोपहर 3:20 बजे नाथुपुर से बीएलडब्ल्यू जाने वाले रोड से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से ग्राम दुल्लहपुर, थाना बड़ागांव, जनपद गाजीपुर का निवासी है और वर्तमान में अवलेशपुर, थाना चितईपुर, कमिश्नरेट वाराणसी में रह रहा था।
गिरफ्तार आरोपी के पास से विभिन्न ब्रांड की कुल 170 पैकेट सिगरेट और 3,000 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष दिगम्बर उपाध्याय, उपनिरीक्षक विशाल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुहेल खां, उपनिरीक्षक चन्द्रशेखर यादव, कांस्टेबल सूर्यभान सिंह, कांस्टेबल अभ्युदन सिंह और कांस्टेबल अविनाश यादव शामिल रहे।