MENU

वाराणसी में सफाई व्यवस्था पर नगर निगम का सख्त एक्शन, 16 कर्मियों का वेतन कटा



 13/Sep/26

सरसौली, मध्यमेश्वर, हुकुलगंज और सरायनंदन वार्ड में निरीक्षण; गलियों की गंदगी, जलजमाव और खराब स्ट्रीट लाइटों की समस्याएं दूर कराने के निर्देश

वाराणसी। शहर की सफाई व्यवस्था और मूलभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम के अधिकारियों ने गुरुवार को सरसौली, मध्यमेश्वर, हुकुलगंज और सरायनंदन वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली, लेकिन कई गलियों में गंदगी, नालियों में सिल्ट, जलजमाव, दिन में जलती स्ट्रीट लाइट और खाली प्लॉटों में कूड़े के ढेर जैसी खामियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान चारों वार्डों में कुल 16 सफाई कर्मचारी बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इनमें सरसौली और मध्यमेश्वर के पांच-पांच तथा हुकुलगंज और सरायनंदन के तीन-तीन कर्मचारी शामिल हैं। अधिकारियों ने सभी 16 कर्मचारियों का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजरों को चेतावनी जारी की गई।

सरसौली वार्ड में पांच कर्मचारी मिले अनुपस्थित

संयुक्त नगर आयुक्त जितेंद्र कुमार आनंद ने सरसौली वार्ड का निरीक्षण किया। यहां 50 सफाई कर्मचारियों में से पांच अनुपस्थित मिले। बारिश के कारण गलियों में काई और झाड़ियां जमा मिलीं, जिन्हें तत्काल साफ कराया गया। दिन में जलती स्ट्रीट लाइटों को मौके पर ही ठीक कराया गया।

निरीक्षण के दौरान धंसे चौकों और दबे सीवर ढक्कनों की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए गए।

मध्यमेश्वर में नालियों की सफाई और जल निकासी पर जोर

अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता के निरीक्षण में मध्यमेश्वर वार्ड के 46 कर्मचारियों में से पांच अनुपस्थित मिले। मेडविन अस्पताल के सामने नाली में सिल्ट जमा मिली, जबकि मैदागिन चौराहे के पास नाली क्षतिग्रस्त पाई गई।

कबीरचौरा अस्पताल और जलकल कार्यालय के पास जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए नई गलीपिट बनाने के निर्देश दिए गए।

हुकुलगंज में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान पर मिली लापरवाही

अपर नगर आयुक्त अमित कुमार ने हुकुलगंज वार्ड का निरीक्षण किया। यहां तीन सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था ठीक मिली, लेकिन गलियों की सफाई और डोर-टू-डोर कूड़ा उठान संतोषजनक नहीं पाया गया।

लापरवाही पर सुपरवाइजर राजेश कुमार और कवि कुमार को चेतावनी दी गई। सीवर और वाटर लाइन के कार्य के कारण गलियों में आवागमन की समस्या का भी अधिकारियों ने संज्ञान लिया।

सरायनंदन में खाली प्लॉटों से हटेगा कचरा, जलजमाव पर कार्रवाई

संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र ने सरायनंदन वार्ड का निरीक्षण किया। यहां भी तीन सफाई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। खाली प्लॉटों में फैले कचरे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।

लो-लैंड एरिया में जमा पानी निकालने के लिए सामान्य विभाग की ओर से पंप लगाए गए हैं। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में एंटी लार्वा और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। नगर निगम अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में मिली कमियों को तत्काल दूर करने पर जोर दिया।


इस खबर को शेयर करें

Leave a Comment

6740


सबरंग