नीम करोली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक दर्शन और मानव सेवा के संदेश को बड़े पर्दे के माध्यम से समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से बन रही फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर फिल्म टीम ने शनिवार को सिगरा स्थित संत रघुवर नगर आवास पर आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ से मुलाकात की।
फिल्म के निर्माता विशाल चतुर्वेदी, प्रसिद्ध गायक साधु तिवारी और प्रमुख कलाकार पीयूष नागौर ने मंत्री से फिल्म की विषयवस्तु और निर्माण यात्रा को लेकर विस्तार से चर्चा की। टीम ने बताया कि फिल्म में नीम करोली बाबा के दिव्य जीवन, आध्यात्मिक दर्शन, प्रेम, करुणा और मानव सेवा के संदेश को केंद्र में रखा गया है।
फिल्म टीम के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से बाबा के जीवन से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंगों और उनके विचारों को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। फिल्म का उद्देश्य विशेष रूप से युवा पीढ़ी को सेवा, आध्यात्मिकता और सकारात्मक सोच के संदेश से जोड़ना है।
इस अवसर पर आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि नीम करोली बाबा का जीवन आध्यात्मिक चेतना और मानव सेवा का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “नीम करोली बाबा जी साक्षात हनुमान जी के अंश हैं। उनका जीवन ‘मानव सेवा ही माधव सेवा है’ का जीवंत उदाहरण है।”
मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को बाबा के प्रेम, करुणा और सनातन संस्कृति के संदेश से जोड़ने की आवश्यकता है। ऐसे में उनके जीवन और विचारों को सिनेमा के माध्यम से समाज तक पहुंचाने का प्रयास महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ जैसी फिल्म समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मक दिशा देने का माध्यम बन सकती है।
मुलाकात के दौरान मंत्री ने निर्माता विशाल चतुर्वेदी, गायक साधु तिवारी और कलाकार पीयूष नागौर को अंगवस्त्रम, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए बाबा के जीवन और संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास की सफलता की कामना की।
इस दौरान अनूप दुबे, सौरभ पाठक, गौरव राठी, सुधीर त्रिपाठी, प्रमोद राय, श्रीपति मिश्रा एडवोकेट, प्रवीण पांडेय, सौरभ राय, राजेश वर्मा, आकाश सेठ, सिंधु सोनकर, आकाश पांडेय सहित भाजपा कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। फिल्म टीम ने मंत्री के साथ फिल्म की विषयवस्तु, उद्देश्य और निर्माण यात्रा को लेकर विचार-विमर्श किया।