वाराणसी। शहर में सीवर लाइनों को जानबूझकर जाम करने का मामला सामने आया है। नगर निगम और जलकल विभाग की टीमों को शिवाला, सरायनंदन, नगवा समेत आधा दर्जन वार्डों की मुख्य सीवर लाइनों में बालू से भरी बोरियां, पत्थर, लकड़ी का बुरादा, प्लाई और प्लास्टिक सामग्री ठूंसी हुई मिली। नगर निगम ने इसे प्रथम दृष्टया साजिश मानते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की तहरीर दी है।
नगर निगम के अनुसार, मुख्य सीवर लाइन को जाम किए जाने के कारण सहायक गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो होने लगा। इससे कई स्थानों पर जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न हुई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियों के समीप मौके का निरीक्षण किया। महापौर ने कहा कि नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें जलजमाव के निस्तारण के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उनके मुताबिक, शहर में कई जलभराव वाले स्थानों की समस्या दूर की जा चुकी है और निचले इलाकों से पंपों के माध्यम से पानी निकाला जा रहा है।
महापौर ने बताया कि शुक्रवार रात शिवाला क्षेत्र में सीवर लाइन की सफाई के दौरान करीब 12 बोरी बालू निकाली गईं। सीवर लाइन के भीतर इस तरह बालू से भरी बोरियां मिलने को उन्होंने गंभीर मामला बताया।
नगर निगम प्रशासन क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है, ताकि सीवर लाइन में सामग्री डालने वाले लोगों की पहचान की जा सके। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कहा कि इस मामले में अवांछनीय तत्वों की भूमिका की आशंका है और पूरे प्रकरण की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति सीवर लाइन या सरकारी परिसंपत्तियों के साथ छेड़छाड़ करता दिखाई दे तो तत्काल नगर निगम को इसकी सूचना दें।
इस मामले में जलकल विभाग के जोन-2 के अधिशासी अभियंता ने भेलूपुर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। तहरीर के अनुसार, शिवाला वार्ड संख्या-75 में कूड़ा घर रत्नाकर पार्क के पास अग्रवाल रेडियों के निकट जलभराव की समस्या दूर करने के लिए मुख्य सीवर लाइन की सफाई कराई जा रही थी। इसी दौरान बड़ी मात्रा में बालू से भरे बोरे बरामद हुए।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अज्ञात लोगों ने मुख्य सीवर लाइन को चोक कर जलकल विभाग और शहर की छवि को धूमिल करने की नीयत से यह कृत्य किया।
निरीक्षण के दौरान उपसभापति नरसिंह दास, पार्षद सुरेश चौरसिया, चंद्रनाथ मुखर्जी, मदनमोहन तिवारी, विजय द्विवेदी, महेंद्र पटेल, इंद्रदेव सिंह, मनीष गुप्ता, सोमनाथ यादव, अक्षयवर सिंह, अतुल पांडेय, रविंद्र कुमार सिंह सहित जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, सचिव सुधीर वर्मा और अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।