वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) काशी क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में प्रशासनिक स्तर पर 8 जिलों और संगठनात्मक स्तर पर 10 जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक एवं सह संयोजक शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी ने कहा कि पार्टी के लिए प्रत्येक चुनाव महत्वपूर्ण है, चाहे वह लोकसभा चुनाव हो या पंचायत चुनाव। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में प्रदेश में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव होने हैं। इन चुनावों में पार्टी की शत-प्रतिशत जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से तैयारियों में जुटने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत के लिए सबसे महत्वपूर्ण कार्य पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाना है। शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से अपने और विचार परिवार से जुड़े विद्यालयों में संपर्क कर सभी पात्र शिक्षकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का आह्वान किया। वहीं, स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए परिवार के स्नातक सदस्यों, पार्टी के स्नातक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ समाज के प्रबुद्ध वर्ग से संपर्क कर पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत हासिल करना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी वरिष्ठ एवं अनुभवी हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के कारण वाराणसी में पार्टी की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।
अशोक चौरसिया ने कहा कि वाराणसी की प्रत्येक खबर पर देश-दुनिया की नजर रहती है। ऐसे में शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में जीत के लिए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के साथ ही सूची को अपडेट कराने का काम प्राथमिकता से किया जाना चाहिए।
पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि पदाधिकारी होने के नाते पार्टी को मजबूत करना सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि वाराणसी खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव में शत-प्रतिशत सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा।
बैठक का संचालन क्षेत्र महामंत्री अनुप जायसवाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्र महामंत्री अजीत रावत ने किया।
इस दौरान पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, अवधेश गुप्ता, अनिल श्रीवास्तव, अमित राय, जगदीश त्रिपाठी, प्रवीण सिंह गौतम, अनिल गुप्ता, सोनू पंडित, सह-मीडिया प्रभारी संतोष सोलापुरकर, धीरेन्द्र शर्मा सहित दस जिलों के जिलाध्यक्ष, जिला संयोजक एवं सह संयोजक उपस्थित रहे।